नाहन नगर परिषद चुनाव में शराब बांटकर मतदाताओं को प्रभावित करने की साजिश, भाजपा ने चुनाव आयोग से मांगी कड़ी कार्रवाई

भारतीय जनता पार्टी ने नाहन नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी द्वारा कथित रूप से शराब वितरण और चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के प्रयासों को लेकर चुनाव आयोग और प्रशासन के समक्ष गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा ने इस पूरे मामले को लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला बताते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

May 16, 2026 - 20:14
 0  6
नाहन नगर परिषद चुनाव में शराब बांटकर मतदाताओं को प्रभावित करने की साजिश, भाजपा ने चुनाव आयोग से मांगी कड़ी कार्रवाई

नाहन, 16 मई 2026 :

भारतीय जनता पार्टी ने नाहन नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी द्वारा कथित रूप से शराब वितरण और चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के प्रयासों को लेकर चुनाव आयोग और प्रशासन के समक्ष गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा ने इस पूरे मामले को लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला बताते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


भाजपा द्वारा राज्य चुनाव आयोग को सौंपे गए विस्तृत ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि नाहन नगर परिषद के वार्ड नंबर 1 में कांग्रेस प्रत्याशी द्वारा मतदाताओं को प्रभावित करने के उद्देश्य से शराब और अन्य नशीले पदार्थों का वितरण किया जा रहा है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि वार्ड के विभिन्न स्थानों पर चुनाव को प्रभावित करने के लिए अवैध रूप से शराब स्टॉक की गई है और इसे चुनावी लाभ लेने के उद्देश्य से इस्तेमाल किया जा रहा है।


भाजपा की ओर से चुनाव आयोग को सौंपे गए दस्तावेजों और शिकायत पत्रों में यह उल्लेख किया गया है कि रामकुंडी क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी द्वारा एक मतदाता को शराब की बोतल वितरित करने की घटना सामने आई है। इस संबंध में वीडियो साक्ष्य भी चुनाव आयोग को उपलब्ध करवाए गए हैं। भाजपा ने इसे सीधे तौर पर रिश्वत देकर वोट प्रभावित करने और आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन बताया है।


भाजपा ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि कांग्रेस प्रत्याशी अपने राजनीतिक विरोधियों पर झूठी शिकायतें दर्ज करवाकर दबाव बनाने और चुनावी माहौल को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं। पार्टी ने कहा कि चुनावों में प्रशासनिक मशीनरी के दुरुपयोग और भय का वातावरण बनाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।


भाजपा द्वारा राज्य चुनाव आयोग को भेजी गई शिकायत में यह भी मांग की गई है कि चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए संबंधित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए और कानून-व्यवस्था एजेंसियों को सतर्क किया जाए ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को तुरंत रोका जा सके।


भाजपा मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को जनता का समर्थन नहीं मिल रहा है, इसलिए वह चुनावों में शराब, दबाव और गलत हथकंडों का सहारा लेकर लोकतंत्र को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस प्रकार की राजनीति का मजबूती से विरोध करती है और चुनाव आयोग से निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई की अपेक्षा करती है।


राकेश जमवाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश हमेशा शांतिपूर्ण और स्वच्छ चुनावी परंपराओं के लिए जाना जाता रहा है, लेकिन वर्तमान कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में चुनावी मर्यादाओं को लगातार कमजोर करने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की पवित्रता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।


भाजपा ने चुनाव आयोग से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनी रहे और मतदाताओं का लोकतंत्र पर विश्वास कायम रहे।
भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस के इन हथकंडों को भलीभांति समझ चुकी है और आने वाले समय में जनता लोकतांत्रिक तरीके से इसका करारा जवाब देगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow