सुधीर शर्मा पर एफआईआर को लेकर नरेश चौहान बोले: सरकार बदले की भावना से नहीं करती काम
मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में दर्ज एफआईआर पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्य सरकार किसी भी प्रकार की बदले की भावना से काम नहीं करती। उन्होंने कहा कि विजिलेंस द्वारा जांच और एफआईआर दर्ज करना कोई नई बात नहीं है और कानून के दायरे में सभी नागरिक समान हैं।
यंगवार्ता न्यूज - शिमला 31 जुलाई, 2026 :
मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में दर्ज एफआईआर पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्य सरकार किसी भी प्रकार की बदले की भावना से काम नहीं करती। उन्होंने कहा कि विजिलेंस द्वारा जांच और एफआईआर दर्ज करना कोई नई बात नहीं है और कानून के दायरे में सभी नागरिक समान हैं।
नरेश चौहान ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने कोई गलत कार्य नहीं किया है तो उसे घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि सुधीर शर्मा पाक-साफ हैं तो जांच में यह स्पष्ट हो जाएगा। उन्होंने संबंधित पक्षों से जांच एजेंसियों का पूरा सहयोग करने की अपील की।
बीबीएमबी में हिमाचल प्रदेश के बकाये के मुद्दे पर केंद्र सरकार द्वारा सुप्रीम कोर्ट में दिए गए प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया देते हुए नरेश चौहान ने कहा कि हरियाणा ने एरियर की राशि नकद भुगतान के बजाय बिजली के रूप में देने का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने कहा कि इस मामले में पंजाब की कुछ आपत्तियां हैं, जिन्हें भी बातचीत के माध्यम से दूर करना होगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने इस मुद्दे को पर्याप्त महत्व नहीं दिया, जबकि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के पदभार संभालने के बाद से प्रदेश के अधिकारों और हिस्सेदारी के लिए लगातार लड़ाई लड़ी जा रही है। चौहान ने कहा कि वर्तमान सरकार ने प्रदेशहित के मुद्दों को मजबूती से आगे बढ़ाया है और भाजपा को भी स्पष्ट करना चाहिए कि हिमाचल के अधिकारों की इस लड़ाई में उसका क्या रुख है।
What's Your Reaction?