हमीरपुर के बड़ैहर में बेटे ने पिता को पीट पीटकर मार डाला

 जिले के भोरंज थाना क्षेत्र के बड़ैहर गांव में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां शराब के नशे में एक बेटे ने अपने 65 वर्षीय पिता रत्न चंद की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई। इस वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

Jul 16, 2026 - 13:54
 0  2
हमीरपुर के बड़ैहर में बेटे ने पिता को पीट पीटकर मार डाला
यंगवार्ता न्यूज हमीरपुर 16 जुलाई, 2026 : 
 
 जिले के भोरंज थाना क्षेत्र के बड़ैहर गांव में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां शराब के नशे में एक बेटे ने अपने 65 वर्षीय पिता रत्न चंद की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई। इस वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
 
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 11:15 बजे पिता और बेटे के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। दोनों के शराब के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। विवाद बढ़ने पर आरोपी बेटे ने गुस्से में आकर अपने पिता पर मुक्कों से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
 
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही भोरंज थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल रत्न चंद को अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की, लेकिन दुर्भाग्यवश उनकी रास्ते में ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
 
गुरुवार सुबह बिलासपुर से पहुंची फोरेंसिक साइंस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। यह भी बताया जा रहा है कि मृतक का बेटा बिजली बोर्ड में टीमेट के पद पर कार्यरत है।

डीएसपी भोरंज लालमन शर्मा ने पुष्टि की है कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है। यह घटना पारिवारिक विवादों और नशे के सेवन के गंभीर परिणामों को उजागर करती है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow