हिमाचल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 17 आईएएस और 22 एचएएस का तबादला

हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के प्रशासनिक ढांचे में अब तक का एक बहुत बड़ा बदलाव किया है। मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत की ओर से जारी अधिसूचना के तहत 17 भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) और 22 हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (एचएएस) अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियां की गई हैं।

Jul 10, 2026 - 20:47
 0  55
हिमाचल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 17 आईएएस और 22 एचएएस का तबादला
यंगवार्ता  न्यूज शिमला 10 जुलाई, 2026 : 
 

हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के प्रशासनिक ढांचे में अब तक का एक बहुत बड़ा बदलाव किया है। मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत की ओर से जारी अधिसूचना के तहत 17 भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) और 22 हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (एचएएस) अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियां की गई हैं। इस फेरबदल में राज्य के कई महत्वपूर्ण विभागों के सचिवों से लेकर नगर निगम शिमला के कमिश्नर और कई जिलों के एसडीएम बदले गए हैं। ये आदेश जनहित में तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।

वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के विभागों में अहम फेरबदल करते हुए अतिरिक्त मुख्य सचिव (जनजातीय विकास) ओंकार चंद शर्मा को अतिरिक्त मुख्य सचिव (परिवहन) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं, आरडी नजीम को अतिरिक्त मुख्य सचिव (खाद्य आपूर्ति) के साथ-साथ अब गृह एवं सतर्कता और ऊर्जा विभाग का जिम्मा भी दे दिया गया है। देवेश कुमार अब प्रधान सचिव (वित्त, योजना, अर्थशास्त्र व सांख्यिकी) का कार्यभार संभालेंगे और उनके पास पशुपालन व लोक निर्माण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। इसके अलावा सुधा देवी को प्रधान सचिव (वन एवं उद्योग) और कार्मिक विभाग का जिम्मा दिया गया है, जबकि प्रियंका बसु इंग्टी को सचिव (खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति) तथा आशीष सिंघमार को सचिव (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

अन्य आईएएस अधिकारियों की नई तैनाती की बात करें तो डॉ. यूनुस को निदेशक (उद्योग) से बदलकर सचिव (राज्य कर एवं आबकारी) लगाया गया है। संदीप कुमार को सचिव (पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन), अमरजीत सिंह को सचिव (शहरी विकास) का अतिरिक्त प्रभार और विवेक भाटिया को निदेशक (उद्योग) का अतिरिक्त जिम्मा मिला है। राकेश कुमार प्रजापति अब निदेशक (पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन), डॉ. अश्वनी कुमार शर्मा आयुक्त (राज्य कर एवं आबकारी) और विवेक चंदेल नगर निगम बद्दी के नए आयुक्त होंगे। इसके साथ ही डॉ. मधु चौधरी को सीईओ (राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना), ओम कांत ठाकुर को निदेशक (मत्स्य पालन, बिलासपुर), अभिषेक कुमार गर्ग को एमडी (एचपी स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन) और गुरसिमर सिंह को निदेशक (तकनीकी शिक्षा) के साथ एमडी (एचपी कौशल विकास निगम) का प्रभार सौंपा गया है।

एचएएस अधिकारियों के फेरबदल में सबसे बड़ा और अहम बदलाव शिमला नगर निगम में देखने को मिला है। मुख्यमंत्री के अतिरिक्त सचिव सचिन कंवल को नगर निगम शिमला का नया कमिश्नर (आयुक्त) नियुक्त किया गया है, जबकि नगर निगम शिमला के वर्तमान कमिश्नर भूपेंद्र कुमार को प्रबंध निदेशक, जनरल इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन शिमला लगाया गया है। इसी तरह एडीएम (प्रोटोकॉल) शिमला ज्योति राणा को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) की नई रजिस्ट्रार बनाया गया है। वहीं, एचपीयू के वर्तमान रजिस्ट्रार ज्ञान सागर नेगी (जिनके पास एमडी हिमफेड का प्रभार भी था) को अब एडीएम (प्रोटोकॉल) शिमला का जिम्मा सौंपा गया है।

फील्ड स्तर पर व्यापक बदलाव करते हुए कई शहरों के एसडीएम बदले गए हैं। सनी शर्मा, जिन्हें पहले एसडीएम कुपवी लगाने के आदेश हुए थे, उन्हें अब एसडीएम शिमला (शहरी) नियुक्त किया गया है। वर्तमान एसडीएम शिमला (शहरी) ओशिन शर्मा को यहां से बदलकर संयुक्त निदेशक (आयुष विभाग) शिमला लगाया गया है। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) शिमला विश्व मोहन देव चौहान को अब एसडीएम कुपवी (शिमला) की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही, सहायक आयुक्त (डीसी सोलन) नीरजा शर्मा को एसडीएम सोलन और सहायक आयुक्त (डीसी बिलासपुर) राज कुमार-II (जिनके पास भूमि अधिग्रहण अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार था) को एसडीएम बिलासपुर नियुक्त किया गया है। एसडीएम सोलन के पद पर तैनात डॉ. पूनम को अब अतिरिक्त निदेशक (डॉ. वाईएस परमार सरकारी मेडिकल कॉलेज नाहन) भेजा गया है। वहीं, जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोलन पद्मा छडोन को एसडीएम उदयपुर (लाहौल-स्पीति) और एसडीएम उदयपुर अलीशा चौहान को अब एसडीएम करसोग (मंडी) लगाया गया है।

एडीएम स्तर के अधिकारियों और अहम विभागों में भी नई तैनाती हुई है। एडीएम (विकास)-कम-प्रोजैक्ट डायरैक्टर (डीआरडीए) सिरमौर डॉ. लायक राम वर्मा को एमडी हिमफैड शिमला लगाया गया है। उनकी जगह पर एकता कपटा, जिन्हें पहले अतिरिक्त निदेशक (चिकित्सा शिक्षा) लगाने के आदेश थे, उन्हें अब एडीएम (विकास)-कम-प्रोजैक्ट डायरैक्टर (डीआरडीए) सिरमौर (नाहन) लगाया गया है। शिल्पी बेक्टा अब केवल अतिरिक्त सचिव (पीडब्ल्यूडी) के पद पर सेवाएं देंगी। पहले उन्हें राज्य चुनाव आयोग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था। एसडीएम सुजानपुर विकास शुक्ला को अतिरिक्त आयुक्त नगर निगम हमीरपुर लगाया गया है। विश्रुत भारती, जिन्हें पहले एसडीएम कफोटा लगाने के आदेश थे, उन्हें अब सदस्य सचिव, राज्य अनुसूचित जाति आयोग (मुख्यालय ऊना) लगाया गया है। वह इस प्रभार से विनय मोदी को भारमुक्त करेंगे। सचिव (राज्य खाद्य आयोग) योगेश चौहान को अतिरिक्त निदेशक (चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान) लगाया गया है और उनके पास राज्य खाद्य आयोग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। संयुक्त निदेशक (मेडिकल कॉलेज नाहन) कपिल तोमर को संयुक्त निदेशक (युवा सेवाएं एवं खेल विभाग) शिमला लगाया गया है।

पोस्टिंग का इंतजार कर रहे तीन एचएएस अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। संजय कुमार को महाप्रबंधक एचपी मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड शिमला लगाया गया है। वह राजीव कुमार को अतिरिक्त प्रभार से मुक्त करेंगे। मुनीश कुमार शर्मा को संयुक्त निदेशक (चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान) शिमला और मोहन लाल को क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) शिमला नियुक्त किया गया है। 

इस पूरी प्रशासनिक फेरबदल प्रक्रिया के दौरान तीन एचएएस अधिकारियों को उनकी वर्तमान जिम्मेदारियों से भारमुक्त करते हुए आगामी तैनाती के लिए कार्मिक विभाग (पूल), राज्य सचिवालय शिमला में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें राम प्रसाद (जिन्हें विकास शुक्ला रिप्लेस करेंगे), डॉ. अमित गुलेरिया (जिन्हें ओशिन रिप्लेस करेंगी) और गौरव महाजन (जिन्हें अलीशा चौहान रिप्लेस करेंगी) शामिल हैं। 

 

 

 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow