यंगवार्ता न्यूज - शिमला 4 अक्टूबर :
हिमाचल प्रदेश में अक्तूबर की शुरुआत के साथ मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। राज्य में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में कई हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग ने 4 अक्तूबर को जारी राज्य दैनिक मौसम बुलेटिन में 5 से 10 अक्तूबर तक मौसम में बदलाव के संकेत दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार 5 और 10 अक्तूबर को अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं 6 से 9 अक्तूबर के बीच राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है। सप्ताह के बाकी दिनों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।
आने वाले दिनों में सिर्फ बारिश ही नहीं, बल्कि कुछ इलाकों में आंधी-तूफान, बिजली चमकने और तेज हवाओं की स्थिति भी बन सकती है। विभाग के जिला-वार पूर्वानुमान के मुताबिक बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला समेत कुछ जिलों में अलग-अलग स्थानों पर 6 अक्तूबर से मौसम की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हवाओं की गति 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। बाद के दिनों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के जिला-वार पूर्वानुमान में चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना भी दर्ज की गई है। 6 से 8 अक्तूबर के दौरान ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम अधिक सक्रिय रहने के संकेत हैं।