हिमाचल के 51 नगर निकायों में लोकतंत्र का उत्सव, सुबह से मतदान केंद्रों में उमड़ी भीड़

हिमाचल प्रदेश के 51 नगर निकायों में रविवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू होते ही लोकतंत्र का उत्सव नजर आया। राज्यभर के मतदान केंद्रों के बाहर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों में मतदान को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। कई स्थानों पर मतदाता मतदान शुरू होने से पहले ही केंद्रों के बाहर पहुंच गए थे।

May 17, 2026 - 13:50
 0  9
हिमाचल के 51 नगर निकायों में लोकतंत्र का उत्सव, सुबह से मतदान केंद्रों में उमड़ी भीड़
शिमला 17 मई, 2026 : 
 
हिमाचल प्रदेश के 51 नगर निकायों में रविवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू होते ही लोकतंत्र का उत्सव नजर आया। राज्यभर के मतदान केंद्रों के बाहर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों में मतदान को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। कई स्थानों पर मतदाता मतदान शुरू होने से पहले ही केंद्रों के बाहर पहुंच गए थे।

राज्य निर्वाचन प्रक्रिया के तहत सुबह 9 बजे तक करीब 16 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। जिला स्तर पर सोलन में सबसे तेज मतदान देखने को मिला, जहां 16.99 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं शिमला जिले में 14.58 प्रतिशत और धर्मशाला नगर निगम क्षेत्र में 13.1 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया।

प्रदेश के चार नगर निगम— सोलन, मंडी, पालमपुर और धर्मशाला — सहित 25 नगर परिषद और 22 नगर पंचायतों में मतदान दोपहर 3 बजे तक जारी रहेगा। चुनावों के लिए प्रदेशभर में करीब 550 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

इन चुनावों में कुल 3 लाख 62 हजार 667 मतदाता अपने प्रतिनिधि चुन रहे हैं। 439 पार्षद पदों के लिए 1147 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे हैं, जिससे कई वार्डों में मुकाबला बेहद रोचक बन गया है।

चुनाव आयोग के अनुसार नगर परिषद और नगर पंचायतों की मतगणना मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद शुरू कर दी जाएगी, जबकि नगर निगमों के परिणामों के लिए 31 मई तक इंतजार करना होगा। नगर निगम चुनावों में इस्तेमाल होने वाली ईवीएम मशीनों को मतदान के बाद जिला मुख्यालयों में बनाए गए कड़े सुरक्षा वाले स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा।

प्रदेशभर में शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। चुनाव अधिकारियों ने मतदाताओं से निर्भय होकर अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow