वोट चोरी पर तपा सदन ,  टकराव के बीच लोकसभा की कार्यवाही स्थगित

लोकसभा में सोमवार को वोट चोरी का आरोप लगाते हुए विपक्षी दलों के सदस्यों के भारी हंगामे के कारण कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। अध्यक्ष ओम बिरला ने पूर्वाह्न 11 बजे जैसे ही प्रश्न काल शुरू करवाया, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, द्रमुक और अन्य विपक्षी दलों के सदस्य हंगामा और शोरगुल करने लगे।

Aug 18, 2025 - 15:11
 0  7
वोट चोरी पर तपा सदन ,  टकराव के बीच लोकसभा की कार्यवाही स्थगित

न्यूज़ एजेंसी - नई दिल्ली  18-08-2025

लोकसभा में सोमवार को वोट चोरी का आरोप लगाते हुए विपक्षी दलों के सदस्यों के भारी हंगामे के कारण कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। अध्यक्ष ओम बिरला ने पूर्वाह्न 11 बजे जैसे ही प्रश्न काल शुरू करवाया, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, द्रमुक और अन्य विपक्षी दलों के सदस्य हंगामा और शोरगुल करने लगे। बड़ी संख्या में सदस्य सदन के बीचों-बीच आ गए और वोट चोरी का आरोप लगाते हुए नारेबाजी करने लगे। कई सदस्य हाथों में तख्तियां लिए थे, जिन पर वोट चोरी को लेकर नारे लिखे हुए थे। 
शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने इस दौरान एक प्रश्न के उत्तर में बताया कि गोपालगंज जिले में केंद्रीय विद्यालय के लिए बिहार सरकार ने भूमि आवंटित कर दी है और विद्यालय के उस स्थान पर स्थानांतरण का कार्य जल्द शुरू किया जायेगा। उन्होंने बताया कि विद्यालयों में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किये गये हैं और इस मामले में ‘जीरो टॉलरेन्स’ की नीति अपनाई जा रही है। इसके बाद कुछ और प्रश्नों के उत्तर भी दिए गए , लेकिन शोरगुल तेज हो जाने के कारण कुछ भी सुनाई नहीं दिया। श्री बिरला ने जोर-जोर से नारे लगा रहे सदस्यों से कहा कि वह अपने स्थानों पर जाएं और सदन की कार्यवाही चलने दें। 
उन्होंने कहा कि जितनी जोर से वे नारे लग रहे हैं, यदि उतनी जोर से प्रश्न पूछें तो जनता का कल्याण होगा। जनता ने उन्हें जनहित के मुद्दे उठाने और सरकार से प्रश्न पूछने के लिए चुनकर भेजा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कुछ सदस्य सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। इसे वह बर्दाश्त नहीं करेंगे। कई विधानसभाओं में ऐसे कृत्य करने वाले सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई हुई है। इसलिए वह सदस्यों को आगाह कर रहे हैं कि सरकारी संपत्ति को कतई नुकसान न पहुंचाया जाए। इसके बाद श्री बिरला ने कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow