शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने किया राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डलहौजी का निरीक्षण

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने पीएम श्री नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (स्कूल ऑफ एक्सीलेंस) डलहौजी का निरीक्षण किया तथा विद्यालय को राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल के रूप में विकसित किए जाने की घोषणा को अमली जामा पहनाए जाने के संबंध में विद्यालय परिसर में विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जांच की तथा इस संबंध में शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा के उपरांत उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

Jul 28, 2026 - 19:30
 0  1
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने किया राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डलहौजी का निरीक्षण
यंगवार्ता न्यूज - चम्बा 28 जुलाई, 2026 :
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने पीएम श्री नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (स्कूल ऑफ एक्सीलेंस) डलहौजी का निरीक्षण किया तथा विद्यालय को राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल के रूप में विकसित किए जाने की घोषणा को अमली जामा पहनाए जाने के संबंध में विद्यालय परिसर में विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जांच की तथा इस संबंध में शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा के उपरांत उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
 शिक्षा मंत्री ने विद्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों के साथ आत्मीय संवाद कर उनकी शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्धियों एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा अधिसूचित राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूलों में डलहौजी विद्यालय को भी शामिल किया गया है तथा अब स्कूल में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल के रूप में समस्त सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिसके लिए 5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं तथा 2 करोड़ रुपये लोक निर्माण विभाग को जारी कर दिए गए हैं। 
उन्होंने बताया कि इस स्कूल के डे बोर्डिंग स्कूल बनने से इसके आसपास स्थित लोहाली प्राथमिक पाठशाला तथा बस स्टैंड प्राथमिक पाठशाला का इसमें विलय कर दिया जाएगा और प्राथमिक कक्षाओं का संचालन भी इसी परिसर में किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी द्वारा उठाई गई भलेई कॉलेज को पुनः शुरू करने की मांग पर प्रदेश सरकार सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि डलहौजी विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा विभाग से संबंधित सभी मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा है कि लंबे समय से लंबित एनटीटी प्रशिक्षित अध्यापकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार से राज्य के लिए नियमों में विशेष राहत देने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने दिल्ली में संबंधित प्रतिनिधियों से भी मुलाकात कर हिमाचल की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए विशेष छूट देने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एनटीटी अध्यापकों के करीब 6200 अभ्यर्थियों के नाम प्रस्तावित किए गए थे।
नीट पेपर लीक मामले पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक घटना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार को मिलकर मजबूत व्यवस्था विकसित करनी होगी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने इस दिशा में टास्क फोर्स के गठन की घोषणा की है, जबकि हिमाचल सरकार पहले से ही कंप्यूटर आधारित परीक्षा प्रणाली लागू करने पर गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ऐसे मामलों में 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाते हुए मेधावी विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसस पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी ने शिक्षा मंत्री का विद्यालय आगमन पर हार्दिक स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।
 इस अवसर पर पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी के अतिरिक्त जिला परिषद अध्यक्ष रेखा ठाकुर, एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जीत ठाकुर, अधिशासी अभियंता अतुल शर्मा, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता देवेंद्र राणा,उप निदेशक (उच्च शिक्षा) चंबा विकास महाजन, भलेई मंदिर प्रबंधक समिति के अध्यक्ष कमल ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता साहब सिंह सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow