बच्चों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान, ‘सपनों का संचय’ योजना की दी जानकारी
हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक द्वारा बच्चों के सुरक्षित भविष्य, उच्च शिक्षा और स्वरोजगार को ध्यान में रखते हुए संचालित ‘सपनों का संचय’ योजना के प्रचार-प्रसार के लिए त्रिलोकपुर शाखा की ओर से आज स्थानीय विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 100 विद्यार्थियों सहित विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।
यंगवार्ता न्यूज - त्रिलोकपुर, 9 सितंबर :
हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक द्वारा बच्चों के सुरक्षित भविष्य, उच्च शिक्षा और स्वरोजगार को ध्यान में रखते हुए संचालित ‘सपनों का संचय’ योजना के प्रचार-प्रसार के लिए त्रिलोकपुर शाखा की ओर से आज स्थानीय विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 100 विद्यार्थियों सहित विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।
शाखा प्रबंधक विशाल तोमर ने विद्यार्थियों को योजना की जानकारी देते हुए बताया कि 0 से 18 वर्ष तक के सभी बच्चे इस योजना के पात्र हैं। योजना के अंतर्गत बच्चे के नाम पर बैंक में खाता खोला जाता है और खाते में प्रत्येक वर्ष न्यूनतम ₹5,000 जमा करना होता है। यह राशि एकमुश्त अथवा वर्षभर में किश्तों के रूप में जमा की जा सकती है।
बच्चे की बैंक रिकॉर्ड में दर्ज जन्मतिथि पर खाते में उपलब्ध पूरी राशि की एफडी बनाई जाती है, जिस पर उस समय बैंक में लागू ब्याज दर मिलती है। इसके बाद अगले वर्ष पुनः न्यूनतम ₹5,000 जमा करने पर उसकी अगली जन्मतिथि पर उपलब्ध राशि की एफडी बनाई जाती है। यह प्रक्रिया बच्चे के 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक जारी रहती है।
योजना की विशेषता बताते हुए विशाल तोमर ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद योजना के अंतर्गत जमा कुल राशि के पाँच गुना तक एजुकेशन लोन अथवा बिजनेस लोन के लिए पात्रता बन सकती है। साथ ही, योजना के अंतर्गत ऋण लेने वाले पात्र लाभार्थियों को संबंधित ऋण पर सामान्य जनता के लिए लागू ब्याज दर से 1 प्रतिशत कम ब्याज दर का लाभ भी मिलेगा। यदि बच्चा ऋण नहीं लेना चाहता, तो 18 वर्ष की आयु के बाद जमा राशि निकालने का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।
बैंक अधिकारियों ने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को इस योजना के प्रति जागरूक करें। साथ ही विद्यालय के प्राचार्य गंगवीर सिंह जी से अनुरोध किया गया कि आगामी PTM में अभिभावकों को भी योजना की जानकारी प्रदान की जाए, ताकि अधिक से अधिक बच्चे इसका लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम में बैंक की ओर से शाखा प्रबंधक विशाल तोमर एवं नरेश कुमार उपस्थित रहे। विद्यालय की ओर से प्राचार्य गंगवीर सिंह जी तथा शिक्षक परवीन, नेहा, ऋतु, रेखा और सिमरन उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के भविष्य को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने वाली उपयोगी योजना बताया।
What's Your Reaction?

