नीट विवाद से लेकर एमसी चुनाव तक… अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर साधा निशाना
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने नीट परीक्षा विवाद, पाकिस्तान से बातचीत, ईंधन बचत अभियान, सीबीआई डायरेक्टर को मिले एक्सटेंशन और हिमाचल प्रदेश के नगर निगम चुनावों को लेकर विपक्ष और कांग्रेस पर तीखे हमले किए।
धर्मशाला 14 मई ,2026 :
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने नीट परीक्षा विवाद, पाकिस्तान से बातचीत, ईंधन बचत अभियान, सीबीआई डायरेक्टर को मिले एक्सटेंशन और हिमाचल प्रदेश के नगर निगम चुनावों को लेकर विपक्ष और कांग्रेस पर तीखे हमले किए।
कांगड़ा एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान अनुराग ठाकुर ने कहा कि नीट मामले में सीबीआई जांच जारी है और जल्द ही सच्चाई सामने आएगी। नीट परीक्षा को लेकर हो रही आलोचनाओं और विपक्ष द्वारा सरकार को घेरने के सवाल पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी कर रही है और जल्द ही सभी तथ्य स्पष्ट हो जाएंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अपने काफिले और यात्रा कार्यक्रमों में कटौती किए जाने के मुद्दे पर अनुराग ठाकुर ने इसे देशहित में बड़ा संदेश बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्पष्ट संकेत दिया है कि चाहे प्रधानमंत्री हों, मुख्यमंत्री, मंत्री या आम नागरिक जहां संभव हो, ईंधन की खपत कम करनी चाहिए और अनावश्यक यात्राओं से बचना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारत को ऊर्जा, उर्वरक और अन्य जरूरतों के लिए दुनिया पर निर्भरता कम करनी होगी। इससे विदेशी मुद्रा की बचत होगी और देश आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ेगा। ठाकुर ने कहा कि देशभर के मुख्यमंत्री और मंत्री भी इस पहल में शामिल हो रहे हैं। कोई मेट्रो से यात्रा कर रहा है, कोई ई-रिक्शा और कोई बाइक से कार्यालय पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन बैठकों और वर्क फ्रॉम होम जैसी व्यवस्थाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
सीबीआई डायरेक्टर को एक्सटेंशन दिए जाने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आपत्ति पर तंज कसते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी इन दिनों केरल में मुख्यमंत्री चुनने में व्यस्त हैं, जहां उनके और प्रियंका गांधी के खिलाफ पोस्टर लगे हुए हैं।
हिमाचल प्रदेश के नगर निगम चुनावों को लेकर अनुराग ठाकुर ने कहा कि जनता के पास कांग्रेस को जवाब देने का मौका है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सरकार बनाने से पहले 10 गारंटियां दी थीं, लेकिन एक भी पूरी नहीं हुई। धर्मशाला को स्मार्ट सिटी बनाने के दावे भी अधूरे रह गए।
स्मार्ट सिटी परियोजना को लेकर कांग्रेस द्वारा भाजपा पर लगाए जा रहे आरोपों के जवाब में उन्होंने कहा कि सरकारें बदलती रहती हैं, लेकिन विकास कार्य नहीं रुकने चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कई परियोजनाओं का शिलान्यास तो किया, लेकिन उनके लिए बजट का प्रावधान नहीं किया। इसके बावजूद भाजपा सरकार ने उन परियोजनाओं को आगे बढ़ाया और पूरा किया।
नगर निगम चुनावों में युवाओं को टिकट देने और उनकी भागीदारी पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत युवाओं का देश है और आज युवा राजनीति से लेकर हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि भाजपा को समर्थन दें और धर्मशाला में भाजपा का नगर निगम बनाएं।
What's Your Reaction?



