पालियों पंचायत के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों ने की विधायक अजय सोलंकी से शिष्टाचार भेंट
नाहन विधानसभा क्षेत्र की पालियों पंचायत के नवनिर्वाचित प्रधान, जग्गो देवी, उप प्रधान भाई नवीन एवं वार्ड सदस्यों ने आज विधायक अजय सोलंकी के कार्यालय पहुंचकर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विधायक ने सभी जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए उन्हें जीत की हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
नाहन 28 मई, 2026 :
नाहन विधानसभा क्षेत्र की पालियों पंचायत के नवनिर्वाचित प्रधान, जग्गो देवी, उप प्रधान भाई नवीन एवं वार्ड सदस्यों ने आज विधायक अजय सोलंकी के कार्यालय पहुंचकर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विधायक ने सभी जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए उन्हें जीत की हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण आधार हैं और इनमें जनता विकास तथा विश्वास के आधार पर अपने प्रतिनिधियों का चयन करती है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग पंचायत चुनावों को भी राजनीतिक रंग देकर झूठे आंकड़े प्रस्तुत करने और प्रतिनिधियों को अपना समर्थक बताने में लगे हुए हैं, जबकि कांग्रेस इस प्रकार की ओछी राजनीति में विश्वास नहीं रखती।
उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पहले ही स्पष्ट कर चुके थे कि जिला परिषद सदस्यों को छोड़कर पंचायती राज चुनावों में पार्टी प्रत्यक्ष न अप्रत्यक्ष रूप से शामिल नहीं होगी और न ही हुई है। कांग्रेस का उद्देश्य केवल विकास, जनसेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना है।
विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि बहुत से नवनिर्वाचित प्रधानों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने उनसे संपर्क कर यह बात साझा की है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं उनके कार्यकर्ता जबरदस्ती उनके गले में माला डालकर उन्हें अपना समर्थक बताने का प्रयास कर रहे हैं और क्षेत्र में भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि जनता के चुने हुए प्रतिनिधि हैं और उन्हें किसी राजनीतिक दिखावे या दबाव की राजनीति में नहीं घसीटना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जो भी प्रधान, उप प्रधान और वार्ड सदस्य चुनकर आए हैं, वे बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के अपनी पंचायत के विकास के लिए कार्य करें। जनता ने उन्हें सेवा का अवसर दिया है और सभी को मिलकर समाज तथा क्षेत्र को आगे बढ़ाने का कार्य करना चाहिए।
उन्होंने चुनाव जीतने वाले सभी प्रतिनिधियों को पुनः शुभकामनाएं दीं तथा चुनाव हारने वाले उम्मीदवारों से भी अपील की कि वे लोकतंत्र की भावना को मजबूत करते हुए पंचायत और समाजहित में सकारात्मक भूमिका निभाएं।
विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि राजनीति से ऊपर उठकर यदि सभी जनप्रतिनिधि विकास और जनसेवा को प्राथमिकता देंगे तो नाहन विधानसभा क्षेत्र विकास की नई मिसाल बनेगा।
What's Your Reaction?



