जिला हमीरपुर में 28 जून को लगभग 29,924 बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दवाई

सघन पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के तहत जिला हमीरपुर में भी रविवार 28 जून को 5 वर्ष तक की आयु के लगभग 29,924 बच्चों को पोलियो की दवाई की खुराक दी जाएगी। जिला में सघन पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान और स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं टीकाकरण अभियानों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जिला में 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो ड्रॉप्स से नहीं छूटना चाहिए

Jun 22, 2026 - 19:43
 0  6
जिला हमीरपुर में 28 जून को लगभग 29,924 बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दवाई

यंगवार्ता न्यूज हमीरपुर 22 जून, 2026 : 


सघन पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के तहत जिला हमीरपुर में भी रविवार 28 जून को 5 वर्ष तक की आयु के लगभग 29,924 बच्चों को पोलियो की दवाई की खुराक दी जाएगी। जिला में सघन पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान और स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं टीकाकरण अभियानों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जिला में 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो ड्रॉप्स से नहीं छूटना चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे इस अभियान के दौरान प्रवासी श्रमिकों की बस्तियों और विभिन्न निर्माण स्थलों पर कार्य कर रहे प्रवासी श्रमिकों पर विशेष रूप से फोकस करें।


 उपायुक्त ने कहा कि बच्चों को विभिन्न बीमारियों से बचाने के लिए निर्धारित अलग-अलग समय पर कुल 12 प्रकार की वैक्सीन दी जा रही हैं। इन वैक्सीन से भी कोई भी बच्चा नहीं छूटना चाहिए। उन्होंने कहा कि 14-15 वर्ष के आयु वर्ग की लड़कियों को सर्विकल कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी वैक्सीन का टीका लगाया जा रहा है। जिला में अभी तक 1462 लड़कियों को यह टीका लगाया जा चुका है। उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को इस अभियान के तहत सभी पात्र लड़कियों की शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


 उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत सभी बच्चों के 31 प्रकार के रोगों का इलाज मुफ्त किया जाता है। इसके अलावा जननी-शिशु सुरक्षा योजना के तहत भी एक साल तक के सभी बच्चों के लिए निशुल्क इलाज की सुविधा प्रदान की जाती है। 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी आयुष्मान भारत योजना के तहत मुफ्त इलाज की सुविधा है। इन योजनाओं का फील्ड में व्यापक प्रचार-प्रसार होना चाहिए, ताकि पात्र लोग इनका लाभ उठा सकें।


 उपायुक्त ने राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वे, टीबी मुक्त अभियान, कुष्ठ उन्मूलन अभियान, एचआईवी-एड्स पीड़ितों के कल्याण, नशा उपचार केंद्रों और विभाग की अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की।   बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय अत्री ने स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न अभियानों एवं योजनाओं का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। इस अवसर पर सभी स्वास्थ्य खंडों के बीएमओ और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।  

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow