प्रदेश में आज से बारिश-बर्फबारी के आसार,डेढ़ फीट बर्फबारी होने से अटल टनल बंद
हिमाचल प्रदेश की चोटियों पर बर्फबारी का दौर अभी भी जारी है। रविवार रात को कुल्लू, लाहौल, चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई। कुल्लू व मनाली में सोमवार तड़के बारिश
यंगवार्ता न्यूज़ - धमर्शाला 03-02-2026
हिमाचल प्रदेश की चोटियों पर बर्फबारी का दौर अभी भी जारी है। रविवार रात को कुल्लू, लाहौल, चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई। कुल्लू व मनाली में सोमवार तड़के बारिश हुई। मणिकर्ण के तोष में सब्जी लेकर जा रही जीप बर्फ पर फिसलकर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
डेढ़ फीट बर्फबारी होने से अटल टनल बंद हो गई है। अब फोर बाई फोर वाहन भी नहीं जा सकेंगे। रोहतांग दर्रा में 90 सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई है। मंडी जिले के ऊपरी क्षेत्रों में भी ताजा हिमपात हुआ है। यहां दो से छह इंच तक बर्फ की नई चादर बिछ गई है।
मैदानी क्षेत्रों में धुंध का असर अभी भी जारी है। सोमवार को कालका-शिमला रेललाइन पर चार ट्रेनें लेट हो गईं। उधर, नारकंडा में रविवार को अवरुद्ध एनएच सोमवार को बहाल हो गया है। रविवार रात अटल टनल रोहतांग के आसपास 45 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है, ऐसे में लाहौल घाटी का संपर्क कुल्लू-मनाली से कट गया है।
जलोड़ी दर्रा में 15 सेंटीमीटर बर्फ गिरने से बाह्य सराज केे लोगों की दुश्वारियां और बढ़ गई है। उधर, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कुल्लू और लाहौल-स्पीति में 2900 मीटर से अधिक ऊंचे इलाकों में हिमखंड की चेतावनी जारी की है। चंबा जिले में भी अभी हालात पूरी तरह से सामान्य नहीं हो पाए हैं। कई सड़कें अभी भी बंद हैं।
What's Your Reaction?

