जिला सिरमौर के विद्यालय प्रमुखों की पाँच दिवसीय नेतृत्व एवं प्रबंधन कार्यशाला का शुभारम्भ
आज दिनांक 17 नवंबर को जिला सिरमौर के विद्यालय प्रमुखों की पाँच दिवसीय नेतृत्व एवं प्रबंधन कार्यशाला का शुभारम्भ डायट (DIET) नाहन में राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' के साथ किया गया। इस कार्यशाला का उद्घाटन शिक्षा उप निदेशक स्कूल शिक्षा (गुणवत्ता) एवं जिला परियोजना अधिकारी सीमा धीमान, शिक्षा उप निदेशक स्कूल शिक्षा (उच्च) डॉ. मदन लाल, और शिक्षा उप निदेशक प्रारम्भिक एवं प्रधानाचार्य डॉईट राजीव ठाकुर द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
यंगवार्ता न्यूज - नाहन 17 नवंबर :
आज दिनांक 17 नवंबर को जिला सिरमौर के विद्यालय प्रमुखों की पाँच दिवसीय नेतृत्व एवं प्रबंधन कार्यशाला का शुभारम्भ डायट (DIET) नाहन में राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' के साथ किया गया। इस कार्यशाला का उद्घाटन शिक्षा उप निदेशक स्कूल शिक्षा (गुणवत्ता) एवं जिला परियोजना अधिकारी सीमा धीमान, शिक्षा उप निदेशक स्कूल शिक्षा (उच्च) डॉ. मदन लाल, और शिक्षा उप निदेशक प्रारम्भिक एवं प्रधानाचार्य डॉईट राजीव ठाकुर द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
कार्यक्रम के आरंभ में सीमा धीमान ने मुख्य अतिथि डॉ. मदन लाल, विशिष्ट अतिथि राजीव ठाकुर, सभी स्रोत व्यक्तियों और कार्यशाला में भाग ले रहे विद्यालय प्रमुखों का स्वागत किया। राजीव ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा की बेहतरी के लिए किए जा रहे प्रयासों एवं नीतियों पर विस्तार से चर्चा की तथा शिक्षा विभाग के निर्देशों को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि डॉ. मदन लाल ने जमीनी स्तर पर कार्य करने पर बल देते हुए विद्यालय प्रमुखों से स्वयं को एक आदर्श के रूप में प्रस्तुत करने का आग्रह किया। उन्होंने शिक्षा में गुणवत्ता लाने के लिए ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और दक्षता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
विद्यालय नेतृत्व और विकास कार्यक्रम (SLDP) के तहत आयोजित इस पाँच दिवसीय कार्यशाला के जिला समन्वयक डॉ. आई.डी. राही ने जानकारी दी कि इस कार्यशाला में जिला सिरमौर के 16 शिक्षा खंडों (जैसे- नाहन, सुरला, ददाहू, सराहन, संगड़ाह, नाराग, राजगढ़, नोहराधार, रोहनाहट, शिलाई, बकरास, कोफोटा, सतौन, खोरोवाला, पांवटा साहिब और माजरा) से कुल 70 विद्यालय प्रमुख भाग ले रहे हैं। इनमें 54 प्रधानाचार्य और 12 हेडमास्टर शामिल हैं।
कार्यशाला में वे प्रधानाचार्य स्रोत व्यक्ति के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जिन्होंने भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) सिरमौर के तत्वावधान में ऋषिकेश एवं धौलाकुआं में पाँच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है। इनमें विनोद कुमार (प्रधानाचार्य), प्रेम कश्यप (प्रधानाचार्य), कुलदीप सिंह (प्रधानाचार्य), एम.आर. वर्मा (प्रधानाचार्य), जोगी राम कन्याल (प्रधानाचार्य), प्रताप सिंह (प्रधानाचार्य), राजकुमार (प्रधानाचार्य), कंप्यूटर प्रवक्ता अतुल भाटिया और अनुभाग अधिकारी अरुण शर्मा शामिल हैं।
प्रशिक्षण के प्रथम दिन के पहले सत्र में स्रोत व्यक्ति विनोद कुमार (प्रधानाचार्य, पीएम श्री नाहन) ने 'समाज में शिक्षक की भूमिका और समाज की उससे अपेक्षाएं' विषय पर विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद दोपहर के सत्र में स्रोत व्यक्ति प्रेम कश्यप (प्रधानाचार्य, पीएम श्री राजगढ़) ने अपने संबोधन में बताया कि एक शिक्षक को अपने सेवाकाल में किस प्रकार कार्य करना चाहिए कि समाज उसे सेवानिवृत्ति के पश्चात भी याद रखे। उन्होंने शिक्षा और समाज के परस्पर संबंधों पर समूह चर्चा का आयोजन किया। इस दौरान इस बात पर गंभीर मंथन किया गया कि समाज को एक शिक्षक से क्या अपेक्षाएं हैं और शिक्षा क्षेत्र में समाज के सहयोग से क्या सकारात्मक परिवर्तन लाए जा सकते हैं।
What's Your Reaction?
