बरोटीवाला में 40 वर्षीय व्यक्ति को बाइक पर आए नकाबपोश ने मारी गोली,पुलिस ने दर्ज किया मामला
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बरोटीवाला में साई क्षेत्र के खाली गांव के 40 वर्षीय व्यक्ति को बाइक पर आए एक नकाबपोश ने गोली मार दी। गोली मारने के बाद आरोपी बाइक लेकर मौके से फरार

यंगवार्ता न्यूज़ - सोलन 17-10-2025
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बरोटीवाला में साई क्षेत्र के खाली गांव के 40 वर्षीय व्यक्ति को बाइक पर आए एक नकाबपोश ने गोली मार दी। गोली मारने के बाद आरोपी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार दोपहर डेढ़ बजे की है। खाली गांव का सोहन लाल (40) बद्दी में ठेकेदारी का काम करता है। वह बैंक के काम से साई गया हुआ था। जैसे ही वह बैंक से अपना काम करके बाहर निकला और गाड़ी में बैठने लगा तो बाइक पर पहले से वहां पर उसका इंतजार कर रहे नकाबपोश ने उसे गोली मार दी। गोली उसकी बाईं बाजू के साथ से छाती में लगी।
गोली की आवाज सुनते हुए लोग मौके पर जमा हो गए और घायल व्यक्ति को उसी की गाड़ी में बद्दी अस्पताल पहुंचाया। जहां पर हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई रेफर कर दिया। घायल व्यक्ति कांग्रेस से जुड़ा है और पिछले कार्यकाल में उपप्रधान था। सूचना मिलते ही दून के विधायक राम कुमार चौधरी भी अस्पताल उससे मिलने पहुंचे।
बीएमओ बद्दी डॉ. अनिल अरोड़ा ने बताया कि उनके पास सीने पर गोली लगने के बाद एक व्यक्ति को लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। उधर, एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने गोली चलाने पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को दबोच लिया जाएगा।
What's Your Reaction?






