500 फुट खाई में गिरी बोलेरो, उड़े परखच्चे
मंडी जिले के करसोग उपमंडल में पेश एक भयानक सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। पोखी-कटाड़ा सड़क मार्ग पर एक बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में 24 वर्षीय युवा चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
यंगवार्ता न्यूज मंडी 14 जून, 2026 :
मंडी जिले के करसोग उपमंडल में पेश एक भयानक सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। पोखी-कटाड़ा सड़क मार्ग पर एक बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में 24 वर्षीय युवा चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महोग डाकघर के तहत आने वाले कटाड़ा गांव का निवासी 24 वर्षीय डोली राज पुत्र घनश्याम शनिवार देर रात अपनी बोलेरो गाड़ी (एचपी-01एम-6470) में पोखी से अपने घर कटाड़ा की ओर लौट रहा था। सफर के दौरान जब वह छला टला के पास पहुंचा, तो अचानक उसका गाड़ी से नियंत्रण छूट गया। देखते ही देखते बोलेरो सड़क से छिटक कर 500 फुट नीचे गहरी खाई में समा गई। हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी के पूरी तरह से परखच्चे उड़ गए।
वहीं हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। घने अंधेरे और गहरी खाई के बावजूद स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाई और पुलिस को सूचना देकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई में उतरकर चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। डोली राज की असामयिक मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीण बताते हैं कि डोली बेहद मेहनती, मिलनसार और सरल स्वभाव का युवक था। वह हर किसी के सुख-दुख में हमेशा खड़ा रहता था। उसकी मौत की खबर से पोखी, कटाड़ा और आसपास के गांवों के लोग स्तब्ध और गमगीन हैं।
What's Your Reaction?