यंगवार्ता न्यूज - धर्मशाला 22 सितंबर :
लगातार बारिश और खराब आउटफील्ड के कारण धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम से एक और बड़े मुकाबले की मेजबानी छिन गई। अब भारत-ए और ऑस्ट्रेलिया-ए महिला के बीच प्रस्तावित मल्टी डे मुकाबला मोहाली के आईएस बिंद्रा स्टेडियम में खेला जाएगा। बीसीसीआई के मुख्य क्यूरेटर आशीष भौमिक ने बीते रविवार को धर्मशाला की आउटफील्ड का निरीक्षण किया था। इसके बाद मैच की जगह बदलने का फैसला लिया गया।
धर्मशाला में लंबे समय तक हुई बारिश से आउटफील्ड की घास को नुकसान पहुंचा है। मैदान के कई हिस्सों में घास खराब होने के साथ बड़े पैच उभर आए हैं। मुकाबले से पहले आउटफील्ड को पूरी तरह मैच के अनुरूप तैयार करना चुनौती बन गया था। निरीक्षण के बाद बीसीसीआई ने धर्मशाला की जगह मोहाली को मुकाबले का नया स्थल तय किया। मुकाबला 29 सितंबर से दो अक्तूबर तक सुबह 9:30 बजे धर्मशाला में खेला जाना था। अब यह मुकाबला मोहाली में होगा।