यंगवार्ता न्यूज- कांगड़ा 22 सितंबर :
कांगड़ा की ग्राम पंचायत खोली के वार्ड नंबर-7 में मंगलवार को मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया। यहां एक नवजात शिशु को जन्म के बाद कथित तौर पर लावारिस हालत में छोड़ दिया गया। नवजात के रोने की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ी तो क्षेत्र में हडक़ंप मच गया। गनीमत रही कि लोगों के पहुंचने तक नवजात जीवित था। ग्राम पंचायत खोली के प्रधान कुलवंत चौधरी ने बताया कि करीब 4:15 बजे एक गांववासी का फोन आया, जिसके बाद वह तुरंत मौके पर पहुंचे।
मौके पर नवजात को देखकर उन्होंने इसकी सूचना तत्काल पुलिस थाना कांगड़ा को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नवजात को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध करवाई। इसके बाद पुलिस ने नवजात को उपचार एवं स्वास्थ्य जांच के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल टांडा भेजा। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा था, लेकिन मिली जानकारी के अनुसार करीब रात 10 बजे नवजात शिशु ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता और चर्चा का माहौल है। लोगों के लिए यह बेहद पीड़ादायक घटना रही कि जन्म के कुछ ही समय बाद नवजात को इस तरह अकेला छोड़ दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नवजात को किसने जन्म दिया और किन परिस्थितियों में उसे मौके पर छोड़ा गया। इसके लिए आसपास के क्षेत्र में लोगों से पूछताछ करने के साथ अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां सामने आ सकेंगी।