राज्यपाल कवींद्र गुप्ता करेंगे कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र का दौरा, उद्योगों की समस्याओं पर दिया सहयोग का भरोसा

सिरमौर जिले के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को लेकर लघु उद्योग भारती कालाअंब इकाई का एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल कवींद्र गुप्ता से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से राज्यपाल को विस्तार पूर्वक अवगत कराया और उनके समाधान के लिए आवश्यक हस्तक्षेप का आग्रह किया

Aug 1, 2026 - 12:31
 0  14
राज्यपाल कवींद्र गुप्ता करेंगे कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र का दौरा, उद्योगों की समस्याओं पर दिया सहयोग का भरोसा

यंगवार्ता न्यूज़ - कालाअंब 1 अगस्त, 2026 :


सिरमौर जिले के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को लेकर लघु उद्योग भारती कालाअंब इकाई का एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल कवींद्र गुप्ता से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से राज्यपाल को विस्तार पूर्वक अवगत कराया और उनके समाधान के लिए आवश्यक हस्तक्षेप का आग्रह किया। राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वह समय निकालकर शीघ्र ही कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि भ्रमण के दौरान उद्योगों से जुड़ी समस्याओं का स्वयं निरीक्षण करेंगे तथा उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ आवश्यक सहयोग प्रदान करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। राज्यपाल से मुलाकात के बाद लघु उद्योग भारती कालाअंब इकाई के अध्यक्ष अखिल माहेश्वरी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने हिमाचल प्रदेश के उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान से भी शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उद्योग मंत्री के समक्ष कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।
प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से कालाअंब–त्रिलोकपुर मार्ग की अत्यंत जर्जर स्थिति तथा ईएसआई अस्पताल रोड की खराब हालत का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि इन सड़कों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है, जिससे उद्योगों में कच्चे माल और तैयार उत्पादों के परिवहन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही कर्मचारियों, स्थानीय निवासियों और प्रतिदिन आने-जाने वाले हजारों लोगों को भी भारी परेशानियों से गुजरना पड़ता है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कालाअंब प्रदेश के सबसे महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल है और यहां सैकड़ों उद्योग संचालित हैं। बेहतर सड़क, यातायात और आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होना औद्योगिक विकास के लिए बेहद आवश्यक है। यदि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो इसका सीधा असर उद्योगों की उत्पादन क्षमता, निवेश और स्थानीय रोजगार पर पड़ सकता है।
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सरकार उद्योगों की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर है। उन्होंने संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई करने और प्राथमिकता के आधार पर सड़क एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं में सुधार के प्रयास करने का भरोसा दिलाया। लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल और उद्योग मंत्री का समय देने तथा औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के लिए आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि राज्यपाल के प्रस्तावित दौरे और सरकार की पहल से कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow