पोस्टर में फोटो हो या न हो, राजा साहब जनता के दिलों में बसते हैं : विक्रमादित्य सिंह
पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की फोटो पोस्टर-होर्डिंग में न लगाने पर उठे विवाद पर PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि पोस्टर में फोटो हो या न हो, राजा साहब जनता के दिलों में बसते हैं। साथ ही वीरभद्र सिंह के नाम पर नई पार्टी बनाने का विरोध किया और सांसद कंगना रणौत के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।
यंगवार्ता न्यूज - शिमला 10 अक्टूबर :
पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की फोटो पोस्टर-होर्डिंग में न लगाने पर उठे विवाद पर PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि पोस्टर में फोटो हो या न हो, राजा साहब जनता के दिलों में बसते हैं। साथ ही वीरभद्र सिंह के नाम पर नई पार्टी बनाने का विरोध किया और सांसद कंगना रणौत के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह युग पुरुष और कद्दावर नेता थे। किसी पोस्टर या होर्डिंग पर उनकी तस्वीर लगना या न लगना कोई मायने नहीं रखता क्योंकि उन्होंने प्रदेश की जनता के दिलों पर राज किया है। हिमाचल के निर्माण में डॉ. YS परमार, ठाकुर रामलाल और वीरभद्र सिंह जैसे नेताओं का बड़ा योगदान है। जिस तरह परिवार में बुजुर्गों का आदर होता है, वैसे ही दलों में पूर्व नेताओं का सम्मान होना चाहिए। नेता का कद पोस्टर से नहीं, काम से तय होता है।स्व. वीरभद्र सिंह के नाम पर नई पार्टी बनाने की चर्चा पर विक्रमादित्य ने विरोध जताया और कहा लोकतंत्र में पार्टी बनाने का अधिकार सबको है, लेकिन दिवंगत नेता के नाम का दुरुपयोग आपत्तिजनक है। वीरभद्र सिंह ने पूरा जीवन कांग्रेस को मजबूत करने में लगाया। उनके नाम पर नई पार्टी बनाने की किसी भी कोशिश का वह विरोध करेंगे।
सांसद कंगना रणौत के हिमाचल को लेकर दिए बयान को विक्रमादित्य सिंह ने बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि हिमाचल देश का मजबूत और अभिन्न अंग है। प्रदेश ने शिक्षा, प्रति व्यक्ति आय और विकास में अलग पहचान बनाई है। राजनीतिक विचारधारा अलग हो सकती है, लेकिन अपने ही राज्य को छोटा आंकना गलत है। एक जनप्रतिनिधि को ऐसी भाषा से बचना चाहिए।
हिमाचल में ग्रामीण सड़क नेटवर्क को PMGSY-4 के दूसरे फेज में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि करीब 3,000 करोड़ की लागत से 1,659 KM लंबी 340 सड़कों को स्वीकृति मिलने जा रही है। पिछले 4 साल में विभिन्न योजनाओं के तहत प्रदेश में 9,500 से 10,000 करोड़ लाने में सफलता मिली है। दूसरे फेज में प्रस्तावित 340 सड़कों के लिए केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से बात हुई है, अक्टूबर-नवंबर में मंजूरी की उम्मीद है और जनवरी से निर्माण शुरू करने का लक्ष्य है। इसके अलावा 128 करोड़ की लागत से 23 पुलों को भी जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है, जिससे बरसात में नदी-नालों के कारण प्रभावित आवागमन में राहत मिलेगी।मंत्री ने बताया कि पिछले 4 साल में सड़क निर्माण, अमृत, स्वच्छता, सीवरेज और पेयजल योजनाओं में 9,500 से 10,000 करोड़ लाए गए हैं। सड़कों के रखरखाव के लिए 800 करोड़ की वार्षिक योजना पर काम चल रहा है, जिसके तहत 800 KM सड़कों के रखरखाव का लक्ष्य है। बिटुमेन की कमी के कारण काम प्रभावित हो रहा है, जिसके लिए केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी से मिलेंगे।उन्होंने जनता से सड़क निर्माण के लिए भूमि की गिफ्ट डीड करने और FRA-FCA मंजूरियों में सहयोग की अपील की।
What's Your Reaction?


