विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने में एमएसएमई निभाएगा अहम भूमिका : राज्यपाल कवींद्र गुप्ता

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र देश की आर्थिक तरक्की का मजबूत आधार बनकर उभरा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत@2047 के संकल्प को साकार करने में एमएसएमई क्षेत्र की अहम भूमिका रहेगी। यह क्षेत्र न केवल देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहा है, बल्कि करोड़ों लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी पैदा कर रहा है। राज्यपाल कवींद्र गुप्ता सिरमौर जिला के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में लघु उद्योग भारती की कालाअंब इकाई द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने लघु उद्योग भारती की ओर से जनसेवा के लिए समर्पित की गई एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

Nov 25, 2026 - 19:06
 0  2
विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने में एमएसएमई निभाएगा अहम भूमिका : राज्यपाल कवींद्र गुप्ता

यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 25  नवंबर : 

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र देश की आर्थिक तरक्की का मजबूत आधार बनकर उभरा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत@2047 के संकल्प को साकार करने में एमएसएमई क्षेत्र की अहम भूमिका रहेगी। यह क्षेत्र न केवल देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहा है, बल्कि करोड़ों लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी पैदा कर रहा है। राज्यपाल कवींद्र गुप्ता सिरमौर जिला के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में लघु उद्योग भारती की कालाअंब इकाई द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने लघु उद्योग भारती की ओर से जनसेवा के लिए समर्पित की गई एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम में लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। राज्यपाल ने कहा कि औद्योगिक विकास के साथ सामाजिक दायित्वों का निर्वहन भी उतना ही आवश्यक है। कालाअंब के उद्योग जगत द्वारा जनसेवा के लिए एंबुलेंस समर्पित करना समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता, प्रतिबद्धता और सामूहिक जिम्मेदारी का सराहनीय उदाहरण है। उन्होंने कहा कि उद्योगों की सफलता का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होता है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। एमएसएमई क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि देशभर में 7.47 करोड़ से अधिक पंजीकृत एमएसएमई इकाइयां कार्यरत हैं, जिनके माध्यम से 32 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिल रहा है। ये इकाइयां देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी), विनिर्माण और निर्यात में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार छोटे उद्यमियों को सशक्त बनाने के लिए अनेक परिवर्तनकारी कदम उठा रही है। उद्यमियों को संस्थागत वित्त उपलब्ध करवाने, आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने और कारोबार करने की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए कई योजनाएं शुरू की गई हैं। राज्यपाल ने एक अप्रैल 2025 से लागू एमएसएमई की संशोधित वर्गीकरण व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि निवेश और टर्नओवर की सीमा बढ़ाए जाने से छोटे उद्योगों को विस्तार करने, नए निवेश आकर्षित करने, रोजगार सृजित करने और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिले हैं। उन्होंने बताया कि संशोधित व्यवस्था के तहत सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों के लिए निवेश की सीमा क्रमश : 2.5 करोड़, 25 करोड़ और 125 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। वहीं, इनके वार्षिक टर्नओवर की सीमा बढ़ाकर क्रमश : 10 करोड़ , 100 करोड़ और 500 करोड़ रुपये कर दी गई है।


राज्यपाल ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम और क्रेडिट गारंटी योजना को छोटे उद्यमियों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इन योजनाओं से कारोबार शुरू करने , वित्तीय सहायता प्राप्त करने और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद मिल रही है। सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि ऐसा मजबूत औद्योगिक वातावरण तैयार करना है, जहां उद्यमी नई तकनीक अपनाकर अपने कारोबार का विस्तार कर सकें और नए बाजारों तक पहुंच बना सकें। कालाअंब के औद्योगिक योगदान की सराहना करते हुए राज्यपाल ने कहा कि कालाअंब जैसे औद्योगिक क्लस्टर हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। यहां निवेश आकर्षित करने, रोजगार के नए अवसर पैदा करने और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने उद्यमियों को एक साझा मंच प्रदान करने और आपसी सहयोग, नवाचार तथा राष्ट्र निर्माण की भावना को बढ़ावा देने के लिए लघु उद्योग भारती की भी सराहना की।

 इस अवसर पर राज्यपाल ने लघु उद्योग भारती की कालाअंब इकाई के पदाधिकारियों और उद्योग जगत से जुड़े उद्यमियों को जनकल्याण के इस सराहनीय प्रयास के लिए बधाई दी। उन्होंने स्कूली विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए तथा कालाअंब क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के प्रधानों को सम्मानित भी किया। इससे पूर्व लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अरविंद धूमल ने राज्यपाल का स्वागत किया और प्रदेश में संगठन के माध्यम से स्थापित औद्योगिक इकाइयों की जानकारी दी। लघु उद्योग भारती के सदस्य अखिल महेश्वरी ने कालाअंब इकाई की गतिविधियों और संगठन द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों से राज्यपाल को अवगत करवाया। वहीं, लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष अखिल मोहन ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों और उद्यमियों का आभार व्यक्त किया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

src="https://sgp1.digitaloceanspaces.com/cdn.iqwing.co.in/uploads/Deeserve%20Media%202.2_.jpg" width="500" height="900" alt="Deeserve Media Poster" loading="lazy" />
src="https://sgp1.digitaloceanspaces.com/cdn.iqwing.co.in/uploads/Deeserve%20Media%202.2_.jpg" width="340" height="600" alt="Deeserve Media Poster" loading="lazy" />