हिमाचल में 30 नवंबर तक खिली रहेगी धूप, बारिश-बर्फबारी के लिए करना होगा इंतजार
हिमाचल प्रदेश में सर्दियों के बीच मौसम का अलग ही रंग देखने के लिए मिल रहा है। एक ओर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात का तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है, वहीं दिन में शिमला सहित कई पहाड़ी क्षेत्रों में सामान्य से अधिक गर्मी महसूस की जा रही है। प्रदेशवासियों को फिलहाल बारिश और बर्फबारी के लिए इंतजार करना पड़ेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 30 नवंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है। इस बीच बिलासपुर, मंडी और हमीरपुर के कुछ क्षेत्रों में अगले पांच दिनों तक घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
यंगवार्ता न्यूज - शिमला 25 नवंबर :
हिमाचल प्रदेश में सर्दियों के बीच मौसम का अलग ही रंग देखने के लिए मिल रहा है। एक ओर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात का तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है, वहीं दिन में शिमला सहित कई पहाड़ी क्षेत्रों में सामान्य से अधिक गर्मी महसूस की जा रही है। प्रदेशवासियों को फिलहाल बारिश और बर्फबारी के लिए इंतजार करना पड़ेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 30 नवंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है। इस बीच बिलासपुर, मंडी और हमीरपुर के कुछ क्षेत्रों में अगले पांच दिनों तक घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि प्रदेश में दिन के तापमान में असामान्य बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। ऊना में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि राजधानी शिमला में पारा 24 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री अधिक है। भुंतर में तापमान 25.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा है। वहीं, केलांग में अधिकतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 11 डिग्री अधिक है। दिन में गर्मी के बीच जनजातीय क्षेत्रों में रातें लगातार ठंडी हो रही हैं। लाहौल-स्पीति के ताबो में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान माइनस 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुकुमसेरी में पारा माइनस 3.7 और केलांग में माइनस 1.2 डिग्री रहा। शिमला में न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री, कांगड़ा में 6 से 7 डिग्री और भुंतर व मंडी में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिक संदीप के अनुसार आने वाले दिनों में कल्पा, केलांग, भुंतर और शिमला के कुछ क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 5 डिग्री अधिक रह सकता है। हालांकि, 27 और 28 नवंबर के बाद चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दिन के तापमान में गिरावट आने की संभावना है। मैदानी क्षेत्रों में तापमान में किसी बड़े बदलाव का अनुमान नहीं है। बिलासपुर, मंडी और हमीरपुर के कुछ क्षेत्रों में अगले पांच दिनों तक घना से बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है। बिलासपुर में भाखड़ा बांध के आसपास, मंडी की बल्ह घाटी और हमीरपुर के सुजानपुर क्षेत्र में कोहरे का ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। इन इलाकों में दृश्यता घटकर 100 से 200 मीटर तक रह सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर यह 100 मीटर से भी कम होने की आशंका है। मौसम विभाग ने वाहन चालकों को सावधानी बरतने, धीमी गति से वाहन चलाने और फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण हिमाचल में वर्षा का आंकड़ा सामान्य से 79 फीसदी नीचे पहुंच गया है। मौसम वैज्ञानिक संदीप के अनुसार प्रदेश के लगभग सभी जिलों में नवंबर के दौरान बारिश नहीं हुई है या बहुत कम वर्षा दर्ज की गई है। पिछले दस वर्षों के आंकड़ों में नवंबर 2021, 2024 और 2025 में भी ऐसी ही स्थिति रही थी। वर्ष 2025 में नवंबर के दौरान सामान्य से करीब 95 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई थी, जबकि 2021 और 2024 में भी बारिश लगभग न के बराबर रही थी। फिलहाल, 30 नवंबर तक बारिश और बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। ऐसे में प्रदेश में बारिश की कमी का आंकड़ा और बढ़ सकता है। यानी पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश का इंतजार अभी लंबा हो सकता है।
What's Your Reaction?


