शिमला की पार्किंगों में ‘लूट’ का खेल! एक घंटे की पार्किंग के मांगे 800 रुपये, वीडियो वायरल होने के बाद निगम हरकत में
राजधानी शिमला में नगर निगम की पार्किंगों का संचालन एक बार फिर विवादों में आ गया है। शहर के सबसे भीड़भाड़ वाले इलाके में स्थित एक कमर्शियल पार्किंग में ओवरचार्जिंग का बड़ा मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर जमकर बवाल खड़ा कर दिया है।
बाइक राइडर का आरोप है कि जब उन्होंने तय शुल्क को लेकर सवाल उठाया तो उनके साथ न सिर्फ बदसलूकी की गई, बल्कि मारपीट करने की भी कोशिश की गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पार्किंग संचालकों का रवैया आम लोगों के प्रति बेहद आक्रामक है और मनमाने तरीके से वसूली की जा रही है।
मामला तूल पकड़ने के बाद नगर निगम शिमला प्रशासन हरकत में आया है। नगर निगम ने संबंधित पार्किंग संचालक को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। वहीं इस पूरे मामले को लेकर नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र मंत्री ने सख्त रुख अपनाया है। एमसी कमिश्नर भूपेंद्र मंत्री ने कहा कि ओवरचार्जिंग और लोगों के साथ दुर्व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर पार्किंग संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शहर में लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने नगर निगम की पार्किंग व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिमला में कई पार्किंगों में मनमाने शुल्क वसूले जा रहे हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद कार्रवाई अक्सर कागज़ों तक सीमित रह जाती है। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो के बाद निगम प्रशासन कितनी सख्ती दिखाता है और आम लोगों को राहत मिल पाती है या नहीं।
What's Your Reaction?



