इंगेजमेंट पॉलिसी-2026 युवाओं के साथ धोखा, हिमाचल के युवाओं को चाहिए पक्का रोजगार, अस्थायी नियुक्तियों का झुनझुना नहीं : डॉ. सनी शुक्ला
हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा लाई गई नई इंगेजमेंट पॉलिसी-2026 को भारतीय जनता युवा मोर्चा ने प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय और धोखे की नीति करार दिया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा, हिमाचल प्रदेश के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सनी शुक्ला ने कहा कि प्रदेश के युवाओं ने कांग्रेस को इस उम्मीद के साथ समर्थन दिया था कि उन्हें सम्मानजनक और स्थायी रोजगार के अवसर मिलेंगे, लेकिन सत्ता में आने के बाद सरकार नियमित रोजगार देने के बजाय अस्थायी नियुक्तियों के नए-नए रास्ते निकाल रही है।
डॉ. सनी शुक्ला ने कहा कि हिमाचल प्रदेश का युवा आज डिग्रियां लेकर रोजगार की तलाश में भटक रहा है। हजारों युवा वर्षों तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, अपने परिवार की आर्थिक स्थिति और भविष्य को दांव पर लगाकर मेहनत करते हैं। उन्हें उम्मीद रहती है कि एक दिन उनकी मेहनत का परिणाम नियमित सरकारी नौकरी के रूप में मिलेगा। लेकिन सरकार की नई इंगेजमेंट पॉलिसी ने युवाओं की इसी उम्मीद और भविष्य पर सवालिया निशान लगा दिया है।
उन्होंने कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या हिमाचल का शिक्षित युवा केवल कुछ वर्षों के अस्थायी रोजगार के लिए ही योग्य है? क्या युवाओं की मेहनत, उनकी शैक्षणिक योग्यता और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता का यही सम्मान है? रोजगार का अर्थ केवल किसी व्यक्ति को कुछ समय के लिए किसी पद पर बैठा देना नहीं है, बल्कि उसे आर्थिक सुरक्षा, सेवा की स्थिरता और भविष्य के प्रति विश्वास देना भी है।
डॉ. शुक्ला ने कहा कि इस नीति की सबसे चिंताजनक बात यह है कि सरकार ने स्वयं अपनी अधिसूचना में स्पष्ट किया है कि इन नियुक्तियों के लिए कोई नए नियमित पद सृजित नहीं किए जाएंगे। नियुक्तियां आवश्यकता आधारित, अस्थायी और निश्चित मानदेय पर होंगी। इनका प्रारंभिक कार्यकाल एक वर्ष होगा, जिसे परिस्थितियों और प्रदर्शन के आधार पर आगे बढ़ाया जा सकेगा, लेकिन अधिकतम अवधि पांच वर्ष निर्धारित की गई है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि नीति में स्पष्ट रूप से नियमितीकरण, समायोजन अथवा नियमित सरकारी पद पर नियुक्ति का कोई अधिकार नहीं दिया गया है।
उन्होंने कहा कि जब कोई युवा अपनी जिंदगी के महत्वपूर्ण पांच वर्ष किसी संस्थान में सेवाएं देने में लगा देगा, तब उसके भविष्य की जिम्मेदारी कौन लेगा? पांच वर्ष बाद वह कहां जाएगा? उसकी उम्र, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और करियर के नुकसान की भरपाई कौन करेगा? सरकार को इन सवालों का जवाब देना होगा। युवाओं को पांच वर्ष तक अनिश्चितता में रखकर उसके बाद उन्हें उनके हाल पर छोड़ देना किसी भी संवेदनशील सरकार की रोजगार नीति नहीं हो सकती।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले युवाओं को रोजगार और बेहतर भविष्य के बड़े-बड़े सपने दिखाए थे। आज वही युवा सरकार से जवाब मांग रहा है। रोजगार के नाम पर अस्थायी व्यवस्था खड़ी करना और उसे रोजगार सुधार बताना प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के साथ अन्याय है। सरकार को यह समझना चाहिए कि हिमाचल का युवा किसी राजनीतिक घोषणा या अस्थायी नियुक्ति से संतुष्ट होने वाला नहीं है। उसे अपने परिश्रम के अनुरूप स्थायी रोजगार और सम्मानजनक भविष्य चाहिए।
डॉ. सनी शुक्ला ने कहा कि प्रदेश के तकनीकी शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों की कमी को दूर करना निश्चित रूप से आवश्यक है, लेकिन इसका समाधान युवाओं को अस्थायी व्यवस्था में बांधना नहीं हो सकता। यदि संस्थानों में शिक्षकों की आवश्यकता है तो सरकार को नियमित पद सृजित करने चाहिए, भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करना चाहिए और योग्य अभ्यर्थियों को नियमित नियुक्तियां देनी चाहिए। सरकार की वित्तीय परिस्थितियों का हवाला देकर युवाओं के भविष्य से समझौता करना स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से सवाल करते हुए कहा कि सरकार बताए कि क्या हिमाचल के युवाओं को अब स्थायी रोजगार का अधिकार मांगना भी गलत है? क्या प्रदेश के शिक्षित युवाओं को केवल निश्चित मानदेय पर काम करने के लिए ही तैयार रहना चाहिए? सरकार को अपनी रोजगार नीति और चुनावी वादों के बीच का अंतर प्रदेश की जनता के सामने स्पष्ट करना चाहिए।
डॉ. शुक्ला ने भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से मांग की कि इंगेजमेंट पॉलिसी-2026 पर पुनर्विचार कर इसे वापस लिया जाए और तकनीकी शिक्षा संस्थानों सहित विभिन्न सरकारी विभागों में रिक्त पदों को नियमित भर्ती के माध्यम से भरा जाए। भर्ती परीक्षाओं के आयोजन और परिणाम घोषित करने के लिए निश्चित समयसीमा तय हो, ताकि युवाओं को वर्षों तक इंतजार न करना पड़े।
अंत में उन्होंने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा हिमाचल प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होने देगा। प्रदेश का युवा मेहनती है, प्रतिभाशाली है और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक है। उसे सरकार की अस्थायी नीतियों का सहारा नहीं, बल्कि अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर चाहिए।
हमारी मांग स्पष्ट है—युवाओं को अस्थायी नियुक्तियों का झुनझुना नहीं, पक्की नौकरी का अधिकार चाहिए। रोजगार के नाम पर अनिश्चितता नहीं, भविष्य की सुरक्षा चाहिए। भारतीय जनता युवा मोर्चा युवाओं की आवाज को बुलंद करता रहेगा और उनके रोजगार के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगा।
What's Your Reaction?


