पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति की जॉइंट एक्शन कमेटी का विस्तार, एलआर गुलशन बने उपाध्यक्ष

हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति ने प्रदेश में पेंशनर्स की लंबित देनदारियों और अन्य मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। समिति ने शिमला में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स जॉइंट एक्शन कमेटी का विस्तार करते हुए नई नियुक्तियों की घोषणा की।

Nov 28, 2026 - 17:46
 0  1
पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति की जॉइंट एक्शन कमेटी का विस्तार, एलआर गुलशन बने उपाध्यक्ष

यंगवार्ता न्यूज - शिमला, 28 नवंबर : 

हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति ने प्रदेश में पेंशनर्स की लंबित देनदारियों और अन्य मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। समिति ने शिमला में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स जॉइंट एक्शन कमेटी का विस्तार करते हुए नई नियुक्तियों की घोषणा की।

समिति के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश ठाकुर और अतिरिक्त महासचिव भूप राम वर्मा ने बताया कि इससे पहले संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले 18 संगठन जुड़े हुए थे। अब जिला कुल्लू से हिमाचल प्रदेश जॉइंट पेंशनर्स फेडरेशन के प्रदेशाध्यक्ष एलआर गुलशन ने अपने संगठन को जॉइंट एक्शन कमेटी से जोड़ने का आग्रह किया है। इस संबंध में अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।

एलआर गुलशन को जॉइंट एक्शन कमेटी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा गंगा राम शर्मा को भी उपाध्यक्ष बनाया गया है। कुशाल चंद नेगी और नरेंद्र कुमार को संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पेंशनर्स के साथ अन्याय का लगाया आरोप

सुरेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी सोसाइटी के निदेशक ने सरकार के दबाव में एकतरफा फैसला देकर लाखों पेंशनर्स के साथ अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के एक नेता के पक्ष में पंजीकरण संख्या 18/89 जारी किया गया, जिससे पेंशनर्स के हित प्रभावित हुए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से पेंशनर्स से एकत्रित लाखों रुपये की सदस्यता राशि का मनमाने तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा है। ठाकुर ने कहा कि जब मामला सहकारी सोसाइटी के न्यायालय में विचाराधीन था, तब सचिव सहकारिता को इस पर रोक लगानी चाहिए थी। उन्होंने मामले में बार-बार अगली तारीख दिए जाने पर भी सवाल उठाए।

मुख्यमंत्री से बातचीत नहीं होने पर जताया रोष

समिति के नेताओं ने 19 नवंबर को धर्मशाला के दाड़ी खेल मैदान में आयोजित पेंशनर्स की विशाल सभा का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेशभर से पहुंचे पेंशनर्स को मुख्यमंत्री से बातचीत की उम्मीद थी। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को तपोवन विधानसभा बुलाया था, लेकिन प्रतिनिधिमंडल के पहुंचने पर मुख्यमंत्री बिना बातचीत किए अपने काफिले के साथ गगल हवाई अड्डे की ओर रवाना हो गए।

इसके बाद पेंशनर्स ने सुरेश ठाकुर के नेतृत्व में सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तपोवन विधानसभा का घेराव करने के लिए रैली निकाली। रैली शिला चौक तक पहुंची, जहां पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को आगे जाने से रोक दिया।

समिति ने कहा कि विधानसभा घेराव का ऐलान 19 संगठनों ने 15 दिन पहले नोटिस देकर किया था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा आठ पदाधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने पर भी रोष जताया गया। समिति ने इन एफआईआर को तत्काल रद्द करने की मांग की।

सचिवालय घेराव और जेल भरो आंदोलन की चेतावनी

सुरेश ठाकुर ने कहा कि पेंशनर्स अपनी लंबित देनदारियों का भुगतान नहीं होने से परेशान हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द समाधान नहीं किया तो आने वाले दिनों में सचिवालय का घेराव किया जाएगा और जेल भरो आंदोलन शुरू किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पेंशनर्स द्वारा सभी जिलों में जनजागरण अभियान शुरू किया गया है, जिसे अगले वर्ष और तेज किया जाएगा। ठाकुर ने सरकार द्वारा चार वर्ष का जश्न मनाने की तैयारी पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर पेंशनर्स की देनदारियां लंबित हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार जश्न मनाने जा रही है। यह पेंशनर्स के साथ सौतेला व्यवहार है।

समिति नेताओं ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि पेंशनर्स को शीघ्र बातचीत के लिए बुलाया जाए और उनकी लंबित देनदारियों का उचित समाधान किया जाए।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर समिति के उपाध्यक्ष बुद्धि राम जस्ता, मीडिया प्रभारी सैन राम नेगी, प्रेस सचिव लायक राम शर्मा, जिला शिमला संयोजक मोहन ठाकुर, जिला अध्यक्ष भाग चंद चौहान सहित सुदामा शर्मा, सुभाष झगटा, गुलाब ठाकुर, दीप राम शर्मा, देवी लाल ठाकुर, नारायण दास, नंद लाल शर्मा और प्रेम चंद शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

src="https://sgp1.digitaloceanspaces.com/cdn.iqwing.co.in/uploads/Deeserve%20Media%202.2_.jpg" width="500" height="900" alt="Deeserve Media Poster" loading="lazy" />
src="https://sgp1.digitaloceanspaces.com/cdn.iqwing.co.in/uploads/Deeserve%20Media%202.2_.jpg" width="340" height="600" alt="Deeserve Media Poster" loading="lazy" />