हिमाचल में बारिश का कहर जारी , 145 सड़कें बंद, 508 ट्रांसफार्मर ठप, जुलाई में 66 लोगों की मौत

हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित है। बीते दो दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन और फ्लैश फ्लड की घटनाएं सामने आ रही हैं। सोमवार को भी शिमला सहित कई जिलों में सुबह से बारिश का दौर जारी रहा, जिससे कई सड़कें अवरुद्ध हो गईं। बारिश के चलते प्रदेश में 145 सड़कें यातायात के लिए बंद हो गई हैं

Jul 21, 2026 - 19:44
 0  11
हिमाचल में बारिश का कहर जारी , 145 सड़कें बंद, 508 ट्रांसफार्मर ठप, जुलाई में 66 लोगों की मौत

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला  21-07-2026
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित है। बीते दो दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन और फ्लैश फ्लड की घटनाएं सामने आ रही हैं। सोमवार को भी शिमला सहित कई जिलों में सुबह से बारिश का दौर जारी रहा, जिससे कई सड़कें अवरुद्ध हो गईं। बारिश के चलते प्रदेश में 145 सड़कें यातायात के लिए बंद हो गई हैं, जिससे लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा 508 बिजली ट्रांसफार्मर ठप हो गए हैं, जबकि 43 पेयजल परियोजनाएं भी प्रभावित होकर बंद पड़ी हैं। 
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश में मानसून के दौरान लगातार बारिश हो रही है और जगह-जगह भूस्खलन व फ्लैश फ्लड की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने बताया कि किन्नौर में फ्लैश फ्लड से काफी नुकसान हुआ है और अन्य जिलों में भी ऐसी घटनाओं से कई पुल क्षतिग्रस्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि जहां-जहां सड़कें बंद हुई हैं, वहां उन्हें बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है और जल्द ही यातायात बहाल कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जुलाई महीने में दुर्घटनाओं और बारिश से जुड़ी घटनाओं सहित विभिन्न कारणों से 66 लोगों की मौत हो चुकी है।

नीट पेपर लीक मामले को लेकर बीते दिन दिल्ली में सीजेपी के बैनर तले संसद मार्च के दौरान युवाओं पर हुए लाठीचार्ज को लेकर जगत सिंह नेगी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने युवाओं पर हुए लाठीचार्ज को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि युवा शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन पर लाठियां बरसाईं, जिसमें कई युवक घायल हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है। 
उन्होंने कहा कि युवा लोकतंत्र को जीवित रखे हुए हैं और इसके लिए वे उन्हें बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आपातकाल को काला दिवस बताते हैं, जबकि आज देश में अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति है। उन्होंने कहा कि वह देश के युवाओं के समर्थन में खड़े हैं और मौका मिलने पर उनके समर्थन में दिल्ली भी जाएंगे।
 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow