हिमाचल सरकार लॉटरी शुरू कर बेराजगारों के साथ कर रही भद्दा मज़ाक : डॉ बिंदल 

हिमाचल प्रदेश में लॉटरी फिर शुरू करने को लेकर भाजपा ने सरकार तीखा हमला साधा है। हिमाचल भाजपा के अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने शुक्रवार को शिमला में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कांग्रेस ने चुनावों के दौरान युवाओं से एक लाख सरकारी नौकरियों का वादा किया था, लेकिन अब उन्हें लॉटरी बेचने का काम दिया जा रहा

Aug 1, 2025 - 15:33
 0  31
हिमाचल सरकार लॉटरी शुरू कर बेराजगारों के साथ कर रही भद्दा मज़ाक : डॉ बिंदल 
Paras School Sadak Suraksha Doon Valley Deeserve Media
Paras School Sadak Suraksha Doon Valley Deeserve Media

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला    01-08-2025

हिमाचल प्रदेश में लॉटरी फिर शुरू करने को लेकर भाजपा ने सरकार तीखा हमला साधा है। हिमाचल भाजपा के अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने शुक्रवार को शिमला में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कांग्रेस ने चुनावों के दौरान युवाओं से एक लाख सरकारी नौकरियों का वादा किया था, लेकिन अब उन्हें लॉटरी बेचने का काम दिया जा रहा है। 

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ये सुक्खू सरकार की लॉटरी है, जो लगेगी ही लगेगी। अब युवाओं को कहा जाएगा कि नौकरी नहीं, लॉटरी बेचो और सुक्खू की लॉटरी खरीदो। उन्होंने कहा कि पूरी कांग्रेस कैबिनेट ने मिलकर यह फैसला लिया है जबकि दुनिया आगे बढ़ रही है, कांग्रेस लॉटरी की ओर जा रही है। यह फैसला पूरी तरह गलत है और भाजपा इसकी कड़ी निंदा करती है। 

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सरकार पर नशे को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में शराब का नशा फैला, फिर चिट्टा आया और अब लॉटरी का नशा शुरू हो गया है। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अब तो भांग के नशे को भी शुरू करने की तैयारी हो रही है। 

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की सरकारी जमीनों पर निजी शराब ठेके खोले जा रहे हैं। साथ ही, कांग्रेस सरकार के पिछले तीन साल में कोई सरकारी भर्तियां नहीं हुई हैं। इसके विपरीत, पूर्व सरकार द्वारा खोले गए संस्थानों को बंद किया जा रहा है। डॉ. बिंदल ने कहा कि अगर प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनती है तो लॉटरी योजना को दोबारा बंद किया जाएगा। 

उन्होंने याद दिलाया कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल की सरकार ने ही 1999 में इसे बंद किया था और बाद में वीरभद्र सिंह की सरकार ने भी इस पर रोक जारी रखी थी। प्रदेशाध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि हाल ही में प्रदेश में आई आपदा को लेकर नेता प्रतिपक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने स्थिति रखी थी। 

इसके बाद केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को कुल 7513 करोड़ रुपये की राहत राशि दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने 2023 में राहत पैकेज देने का दावा तो किया, लेकिन उसमें से प्रभावितों को कितना पैसा मिला, यह अब तक स्पष्ट नहीं है। कैग की रिपोर्ट में भी यह सवाल उठाया गया है।

डॉ बिंदल ने कहा कि सुक्खू सरकार ने मंडी में कई लोगों पर झूठे मुकदमे किए हैं, जो कि सरकार के ताबूत की आखिरी कील साबित होंगे। भाजपा इन मुकदमों के विरोध में 6 अगस्त को मंडी में बड़ा प्रदर्शन करेगी। डॉ. बिंदल ने यह भी घोषणा की कि यदि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनती है तो कांग्रेस सरकार में बंद किए गए सभी संस्थानों को फिर से खोला जाएगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow