सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन में अहम भूमिका निभा रहा रेडक्रॉस , सोसायटी में उदारता से दान करें उद्योगपति : शुक्ल

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने रेडक्रॉस स्वयं सेवकों और महिलाओं से नशे के खिलाफ एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं विशेषकर छात्राओं को नशे के खिलाफ लड़ने के लिए आगे आना चाहिए। राज्यपाल ने आज नालागढ़ में जिला रेडक्रॉस सोसायटी सोलन द्वारा आयोजित जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेले के उद्घाटन समारोह के दौरान सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस पीड़ित मानवता के लिए कार्य कर रहा है और इसकी सेवाओं का उपयोग समाज से बुराइयों को खत्म करने के लिए भी किया जा सकता

Dec 13, 2024 - 20:17
Dec 13, 2024 - 20:39
 0  36
सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन में अहम भूमिका निभा रहा रेडक्रॉस , सोसायटी में उदारता से दान करें उद्योगपति : शुक्ल
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media
यंगवार्ता न्यूज़ - सोलन  13-12-2024

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने रेडक्रॉस स्वयं सेवकों और महिलाओं से नशे के खिलाफ एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं विशेषकर छात्राओं को नशे के खिलाफ लड़ने के लिए आगे आना चाहिए। राज्यपाल ने आज नालागढ़ में जिला रेडक्रॉस सोसायटी सोलन द्वारा आयोजित जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेले के उद्घाटन समारोह के दौरान सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस पीड़ित मानवता के लिए कार्य कर रहा है और इसकी सेवाओं का उपयोग समाज से बुराइयों को खत्म करने के लिए भी किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से रेडक्रॉस के साथ जुड़ने का आग्रह किया ताकि वंचित लोगों को सहायता प्रदान करने के लिए मानवीय गतिविधियां चलाई जा सकें। कल्याणकारी गतिविधियों में तेजी लाने के लिए संसाधन जुटाने के प्रयास किए जाने चाहिए और जिम्मेदार नागरिकों को रेडक्रॉस की गतिविधियों के साथ खुद को जोड़ना चाहिए। राज्यपाल ने कहा कि रेडक्रॉस मेले करुणा, एकता और सेवा की भावना के प्रमाण हैं, जो रेडक्रॉस आंदोलन को परिभाषित करते हैं। 
रेडक्रॉस का प्रतीक मानव कल्याण की प्रेरणा देता है तथा यह गरीब व जरूरतमंद लोगों के लिए आशा की किरण है। उन्होंने कहा कि हमें भी इस संस्था से प्रेरणा लेकर गरीब व जरूरतमंद लोगों की सेवा करनी चाहिए। राज्यपाल ने विभिन्न आपदाओं के दौरान गरीबों को मुफ्त दवाइयां व अन्य चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने सहित रेडक्रॉस सोसायटियों द्वारा प्रदान की गई अन्य सेवाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने लोगों को इस आंदोलन से जोड़ने, शिक्षित करने व प्रेरित करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने के लिए जिला रेडक्रॉस सोसायटी सोलन के प्रयासों की सराहना की। श्री शुक्ल ने उद्योगपतियों से रेडक्रॉस कोष में उदारतापूर्वक दान देने का भी आग्रह किया। उन्होंने जिला शाखा को अधिक आजीवन सदस्य जोड़ने के भी निर्देश दिए। राज्यपाल ने इस अवसर पर रजोत सिंह द्वारा लिखित पुस्तक ‘कैंथ के पेड़’ का विमोचन किया। उन्होंने इस अवसर पर मनोज अग्रवाल, शशि कौशल, सुरेन्द्र शर्मा व चौधरी हरभजन सिंह सहित अन्य दानियों को सम्मानित किया। 
नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा ने राज्यपाल का स्वागत किया तथा तीन दिवसीय जिला रेडक्रॉस मेले का उद्घाटन करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने बलावांह में रक्तदान इकाई समर्पित करने के लिए भी उनका आभार व्यक्त किया तथा कहा कि आईजीएमसी शिमला के बाद यहां दूसरी इकाई स्थापित की गई है। उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष मनमोहन शर्मा ने भी राज्यपाल का स्वागत किया तथा उन्हें सम्मानित किया। राज्यपाल ने भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी हिमाचल प्रदेश तथा किनवन प्राइवेट लिमिटेड के कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व की पहल पर लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ब्लड बैंक कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का भी उद्घाटन किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी तथा विभिन्न संगठनों के स्टॉलों तथा रक्तदान शिविर का भी उद्घाटन किया। इसके पश्चात, राज्यपाल नालागढ़ विकास खंड की रडियाली पंचायत में नशा निवारण जन-जागरण कार्यक्रम में शामिल हुए। राज्यपाल ने कहा कि उन्होंने पूरे प्रदेश में पंचायत स्तर पर नशे के विरुद्ध अभियान चलाया है। इस अभियान में पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों को जोड़ा जा रहा है। 
उन्होंने कहा कि महिलाओं को विशेष रूप से इस अभियान में शामिल करके इस गंभीर समस्या से निपटने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में अवैध नशे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। शुक्ल ने कहा कि नशाखोरी को लेकर हम सभी चिंतित हैं, क्योंकि यह आने वाली पीढ़ी के भविष्य का सवाल है। हम सभी को मिलकर इस बुराई से लड़ना होगा।  राज्यपाल ने कहा कि नशाखोरी के खिलाफ लड़ाई हर घर से शुरू होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर हर व्यक्ति नशाखोरी के खिलाफ मजबूती से खड़ा हो जाए तो यह समस्या अपने आप दूर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाएं इस अभियान में अहम भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने स्थानीय विधायक से नशाखोरी के खिलाफ अभियान चलाने का आग्रह किया। उन्होंने नशामुक्ति के लिए जन जागरण अभियान में महिलाओं का सहयोग मांगा। राज्यपाल ने कहा कि देवभूमि को नशा मुक्त बनाने की जरूरत है। 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हिमाचल में बढ़ती नशे की लत पर चिंता जताई है और इस दिशा में कार्य करने को कहा है। उन्होंने इस मुद्दे पर ग्रामीणों से भी बातचीत की। राज्यपाल ने इस अवसर पर नशा विरोधी रैली को हरी झंडी दिखाई।  इस अवसर पर लेडी गवर्नर जानकी शुक्ला, नगर परिषद नालागढ़ की अध्यक्ष वंदना बंसल, पूर्व विधायक के.एल. ठाकुर, राज्यपाल के सचिव सी.पी.वर्मा, बीबीएनडीए की मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोनाक्षी तोमर, पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान, जिला रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारी, नालागढ़ औद्योगिक संघ के सदस्य, विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow