शिमला के अंतर्गत आने वाले मुंडु स्कूल में शिक्षकों के चार पद लंबे समय से खाली होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित
प्रदेश के जिला शिमला कसुंपटी निर्वाचन क्षेत्र की सीमा से सटे राजकीय उच्च विद्यालय मुंडु में शिक्षकों के चार पद लंबे समय से रिक्त होने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। स्टाफ की कमी से अभिभावकों में चिंता बढ़ गई
यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 05-03-2026
प्रदेश के जिला शिमला कसुंपटी निर्वाचन क्षेत्र की सीमा से सटे राजकीय उच्च विद्यालय मुंडु में शिक्षकों के चार पद लंबे समय से रिक्त होने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। स्टाफ की कमी से अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है और कुछ विद्यार्थियों ने अन्य स्कूलों का रुख करना शुरू कर दिया है।
एसएमसी प्रधान आशीमा चौहान, मान सिंह, देवी राम, केश्वराम और भूप सिंह सहित स्थानीय लोगों ने बताया कि विद्यालय में मुख्याध्यापक सहित कुल 9 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से चार पद काफी समय से खाली चल रहे हैं। इनमें एक पद मुख्याध्यापक तथा तीन पद टीजीटी आर्ट्स और नॉन-मेडिकल के शामिल हैं।
पर्याप्त स्टाफ न होने के कारण कक्षाओं का नियमित संचालन प्रभावित हो रहा है। विद्यालय में पहले 43 छात्र थे, जो अब घटकर 35 रह गए हैं। एसएमसी प्रधान का कहना है कि रिक्त पदों को भरने की मांग कई बार शिक्षा विभाग और सरकार के समक्ष उठाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उनका आरोप है कि सरकार द्वारा छात्र संख्या कम होने के आधार पर कई स्कूल बंद किए गए और सरप्लस स्टाफ को अन्यत्र समायोजित किया गया, परंतु जिन विद्यालयों में वास्तविक कमी है, वहां नियुक्ति नहीं की गई। उप निदेशक, प्रारंभिक शिक्षा कार्यालय शिमला ने बताया कि रिक्त पदों की सूचना समय-समय पर उच्च अधिकारियों को भेजी जाती है और नियुक्तियां करना सरकार का विशेषाधिकार है।
What's Your Reaction?



