मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना से बच्चों के सपनों को मिली उड़ान,31 बच्चों का जयपुर–दिल्ली शैक्षणिक भ्रमण रहा यादगार

मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के अंतर्गत मंडी जिला के सुंदरनगर, तलयाड़, भंगरोटू और डेहर स्थित चाइल्ड केयर संस्थानों के 31 बच्चों का 10 फरवरी से 14 फरवरी तक आयोजित जयपुर–दिल्ली शैक्षणिक एवं अनुभवात्मक भ्रमण आज संपन्न हुआ

Feb 14, 2026 - 15:16
Feb 14, 2026 - 15:22
 0  28
मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना से बच्चों के सपनों को मिली उड़ान,31 बच्चों का जयपुर–दिल्ली शैक्षणिक भ्रमण रहा यादगार

यंगवार्ता न्यूज़ - मंडी   14-02-2026

मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के अंतर्गत मंडी जिला के सुंदरनगर, तलयाड़, भंगरोटू और डेहर स्थित चाइल्ड केयर संस्थानों के 31 बच्चों का 10 फरवरी से 14 फरवरी तक आयोजित जयपुर–दिल्ली शैक्षणिक एवं अनुभवात्मक भ्रमण आज संपन्न हुआ। यह यात्रा बच्चों के लिए सीख, आत्मविश्वास और नए सपनों से जुड़ा एक अविस्मरणीय अनुभव रही।

भ्रमण की शुरुआत ही विशेष रही, जब कई बच्चों ने जीवन में पहली बार हवाई यात्रा की। इस अनुभव ने उनके भीतर नया उत्साह और आत्मविश्वास जगाया। जयपुर में आमेर किला की भव्यता और ऐतिहासिक विरासत को नजदीक से देखकर बच्चों ने इतिहास को जीवंत रूप में महसूस किया। 

जंतर-मंतर और तारामंडल के भ्रमण से उन्हें खगोल विज्ञान और सौरमंडल के बारे में रोचक जानकारियां मिलीं, जिससे उनकी जिज्ञासा और सीखने की उत्सुकता बढ़ी। जयपुर से दिल्ली तक वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रा बच्चों के लिए आधुनिक भारत का अनुभव रही। 

दिल्ली पहुंचकर उन्होंने इंडिया गेट पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय का भ्रमण कर विज्ञान और नवाचार की दुनिया को करीब से समझा। जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय बदरेल ने बताया कि मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना का उद्देश्य बच्चों को संरक्षण के साथ ऐसे अवसर प्रदान करना है, जो उनके आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास को सुदृढ़ करें। 

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण बच्चों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा देते हैं। यह भ्रमण बच्चों के लिए केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ता एक प्रेरक कदम सिद्ध हुआ।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow