यंगवार्ता न्यूज़ - राजगढ 07-03-2026
सिरमौर जिला के शिलाई क्षेत्र में प्रदेश की सुक्खू सरकार के एक मंत्री के करीबियों द्वारा सैकड़ो पेड़ों के अवैध कटान पर भाजपा नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। सिरमौर जिला भाजपा प्रवक्ता मेला राम शर्मा और प्रताप रावत ने कहा कि उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान के संरक्षण में शिलाई क्षेत्र में सैकड़ों पेड़ों पर कुल्हाड़ी चला कर वन संरक्षण अधिनियम की सरेआम धज्जियां उड़ाई गई है और इतनी भारी संख्या में पेड़ों के कटान से इलाके में खलबली मच गई है। भाजपा नेताओं ने कहा कि जब बाढ़ ही खेत को खाने लग जाए तो बचाएगा कौन।
भाजपा नेताओं ने कहा कि सरकार हर साल वन संरक्षण और जंगलों को बचाने के लिए करोड़ों रुपए खर्च करती है और वन विभाग का भारी भरकम स्टाफ वनों की रक्षा के लिए तैनात है , परंतु मंत्री के संरक्षण में दिन दहाड़े सैकड़ों पेड़ काटना अपने आप में चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि आज तक के इतिहास में सरेआम अवैध रूप से तीन चार सौ पेड़ों का कटान दिनदहाड़े किया गया और वन विभाग एवं पुलिस प्रशासन मौन बैठा है। इससे साफ जाहिर होता है कि इन वनकाटूओं पर सरकार का और उद्योग मंत्री का पूरा संरक्षण है। भाजपा नेताओं ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल पेड़ों के कटान के वीडियो में 300 से अधिक चीड़ के पेड़ दिनदहाड़े धराशाई किए जा रहे हैं। हिमाचल के इतिहास में यह पहला मामला है जब इतनी अधिक संख्या में किसी मंत्री के संरक्षण में पेड़ों के कटान का मामला उजागर हुआ है।
उन्होंने इस मामले में सोशल मीडिया पर वायरल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के उस बयान की भी कड़ी निंदा की है जिसमें सुक्खू ने कहा है कि जब पहाड़ में रास्ता ही नहीं है तो पेड़ कैसे काटे जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के मुख्यमंत्री और मंत्री इस संगीन मामले पर कार्रवाई करने की बजाय पेड़ के पेड़ों के कटान की वारदात को ही नकार रहे हैं , जिससे स्पष्ट हो गया है कि सरकार भी इस मामले में अपने समर्थकों को बचाने के लिए लीपापोती कर रही है। उन्होंने वन विभाग और पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि वनों के कटान के इस गंभीर मामले के दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाए ताकि वनों के अवैध कटान को रोका जा सके।