यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 18-04-2026
भगवान परशुराम की पावन जन्मस्थली श्री रेणुका जी में भगवान परशुराम के जन्मोत्सव के अवसर पर भक्ति और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी , जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना और हवन का आयोजन किया गया। भगवान परशुराम की जन्मस्थली श्री रेणुका जी में पहली बार भगवान परशुराम के जन्मोत्सव पर मेले का आयोजन किया जा रहा है तीन दिवसीय मेले का शुभारंभ आज विधिवत पूजन कर स्थानीय कांग्रेस विधायक और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार ने किया।
इस दौरान आज रेणुका जी में एक भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया । इस दौरान पूरा क्षेत्र भगवान परशुराम के जयकारों से गूंज उठा। मीडिया से बात करते हुए विनय कुमार ने कहा कि भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर बड़ी संख्या में यहां श्रद्धालु पहुंचते हैं और इस बार यहां मेले को आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि तीन दिनों तक यहां विभिन्न प्रकार के धार्मिक आयोजन होंगे और रेणुका घाट पर आरती का भी विशेष रूप से आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तीर्थ स्थल से लोगों की गहरी आस्थाएं जुड़ी हुई है और भगवान परशुराम यहां सभी की वनों को पूरा करते है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस आयोजन को और बेहतर बनाने के प्रयास किए जाएंगे। इस खास मौके पर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया और भगवान परशुराम की झांकियां भी निकाली गईं। श्रद्धालुओं ने पूजा कर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। रेणुका झील के किनारे बसे इस पवित्र स्थल पर पूरे दिन धार्मिक कार्यक्रमों का दौर चलता रहा। स्थानीय प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे, ताकि किसी को कोई परेशानी न हो।