अक्टूबर तक शुरू होगा चंबा- चुवाड़ी सुरंग का निर्माण कार्य, 2600 करोड रुपए होंगे व्यय : कुलदीप सिंह पठानियां

नगर परिषद चंबा के अतिरिक्त कार्यालय भवन तथा अतिथि गृह एवं आवासीय परिसर भवन का विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आज विधिवत शिलान्यास किया। लगभग दो करोड़ रुपए रुपए की लागत से बनने वाले इन भवनों के बनने से न केवल नगर परिषद चंबा के अधिकारियों व कर्मचारियों को अतिरिक्त कार्यालय स्थान व आवासीय सुविधा मिलेगी बल्कि बाहर से आने वाले पर्यटकों व यात्रियों के लिए अतिथि गृह की सुविधा भी प्राप्त होगी

Apr 13, 2026 - 18:32
Apr 13, 2026 - 18:39
 0  4
अक्टूबर तक शुरू होगा चंबा- चुवाड़ी सुरंग का निर्माण कार्य, 2600 करोड रुपए होंगे व्यय : कुलदीप सिंह पठानियां
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media
यंगवार्ता न्यूज़ - चम्बा  13-04-2026
नगर परिषद चंबा के अतिरिक्त कार्यालय भवन तथा अतिथि गृह एवं आवासीय परिसर भवन का विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आज विधिवत शिलान्यास किया। लगभग दो करोड़ रुपए रुपए की लागत से बनने वाले इन भवनों के बनने से न केवल नगर परिषद चंबा के अधिकारियों व कर्मचारियों को अतिरिक्त कार्यालय स्थान व आवासीय सुविधा मिलेगी बल्कि बाहर से आने वाले पर्यटकों व यात्रियों के लिए अतिथि गृह की सुविधा भी प्राप्त होगी। इस अवसर पर नगर परिषद परिसर चंबा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि ऐतिहासिक महत्व की दृष्टि से चंबा एक सुप्रसिद्ध स्थल है तथा यहां की कला व लोक संस्कृति देश-विदेश में विख्यात है। 
उन्होंने कहा कि चंबा को विकास की दृष्टि से आगे ले जाने के लिए प्रदेश सरकार निरंतर प्रयासरत है तथा इस दिशा में अभी बहुत कुछ किया जाना अभी शेष है। जिला चंबा में धार्मिक साहसिक तथा स्वास्थ्य संबंधी पर्यटन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं है जिन्हें विकसित करने के लिए अनेक सार्थक कदम उठाए जा रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि लगभग 56000 वर्ग किलोमीटर में फैला जिला चंबा भौगोलिक दृष्टि से पिछड़ा होने के कारण यहां अन्य जिलों की तुलना में धन की अधिक आवश्यकता है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों से जिला को जोड़ने के लिए सुरंग निर्माण का होना अत्यंत आवश्यक है जिससे न केवल सड़क मार्ग की दूरी कम होगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण के लिए भी यह महत्वपूर्ण है। 
कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में चुवाड़ी-चंबा सुरंग को बनाने के लिए अनेक सार्थक कदम उठाए गए जिसके परिणाम स्वरूप प्रदेश सरकार ने अपने स्तर पर करोड़ों रुपए खर्च कर इसकी फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार करवाई। उन्होंने कहा कि लगभग 14 किलोमीटर लंबी इस सुरंग के निर्माण पर लगभग 2600 करोड रुपए खर्च किए जाएंगे तथा इसे पीपीपी आधार पर बनाया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि चुवाड़ी - चंबा सुरंग का निर्माण कार्य अक्टूबर 2026 तक आरंभ कर दिया जाएगा। इससे पूर्व नगर परिषद चंबा की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल ने विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत करते हुए उन्हें नगर परिषद चंबा द्वारा विभिन्न वार्डों में किए जा रहे विकास कार्यों बारे विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में नगर परिषद चंबा तथा प्रेस क्लब चंबा द्वारा विधानसभा अध्यक्ष व अन्य गणमान्य व्यक्तियों को विधिवत सम्मानित भी किया गया। 
इस अवसर पर प्रेस क्लब चंबा के प्रधान विनोद कुमार, वरिष्ठ कांग्रेस नेता व नगर परिषद चंबा के पूर्व अध्यक्ष जगदीश हांडा, तथा स्थानीय विधायक नीरज नायर ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। प्रेस क्लब के अध्यक्ष विनोद कुमार ने अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया , स्थानीय विधायक नीरज नैयर तथा उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल का प्रेस क्लब चंबा के लिए दो कमरे देने के लिए विशेष आभार व्यक्त किया। विनोद कुमार ने प्रेस क्लब चंबा को दिए गए दो कमरों की मरम्मत के लिए विधानसभा अध्यक्ष से 5 लाख की धनराशि की मांग रखी जिसके लिए विधानसभा अध्यक्ष ने उपायुक्त चंबा को आवश्यकता के अनुसार धन राशि उपलब्ध करवा कर संबंधित कार्य करवाने के निर्देश दिए। वरिष्ठ कांग्रेस नेता व नगर परिषद चंबा के पूर्व अध्यक्ष जगदीश हांडा ने अपने संबोधन में नगर परिषद क्षेत्र चंबा में उनके द्वारा किए गए कार्यों तथा इसके लिए विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया द्वारा दिए गए सहयोग पर विस्तृत प्रकाश डाला। 
इस अवसर पर विधायक चंबा नीरज नैय्यर व उनकी धर्मपत्नी भारती नैयर, एपीएमसी के अध्यक्ष ललित ठाकुर, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता व नगर परिषद चंबा के पूर्व अध्यक्ष जगदीश हांडा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुदर्शन ठाकुर, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी, अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, वन मंडल अधिकारी कृतज्ञ कुमार, अधीक्षण अभियंता जल शक्ति राजेश मोंगरा, लोक निर्माण जीत सिंह ठाकुर, विद्युत् बोर्ड राजीव ठाकुर, वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद राखी कौशल कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow