यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 09-09-2026
हिमाचल प्रदेश के सीबीएसई से संबद्ध सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में कक्षा 11वीं और 12वीं के लिए मेडिकल, नॉन-मेडिकल, कॉमर्स और ह्यूमैनिटीज स्ट्रीम के सब्जेक्ट कॉम्बिनेशन तय कर दिए गए हैं। शिक्षा निदेशालय ने प्रदेशभर में विषय संयोजनों को एकरूपता के साथ लागू करने के निर्देश जारी किए हैं। यह व्यवस्था फिलहाल के लिए लागू की गई है। शिक्षा निदेशालय ने कहा है कि विषय संयोजन केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के शैक्षणिक ढांचे और वर्ष 2026-27 के नए पाठ्यक्रम के अनुरूप रखे गए हैं।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि ऐसे कौशल विषय, ट्रेड या मॉड्यूल/ व्यावसायिक ट्रेड, जो वर्तमान में सीबीएसई की ओर से संचालित नहीं हैं, उन्हें स्कूलों में विद्यार्थियों को ऑफर नहीं किया जाएगा। ऐसे विषयों को अभ्यर्थियों की सूची (एलओसी) में भी शामिल नहीं किया जा सकेगा। स्कूल प्रधानों को सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से देखने और समय-समय पर जारी होने वाले पाठ्यक्रम, शैक्षणिक दिशा-निर्देश, विषय योजना और अन्य आदेशों से अपडेट रहने को कहा गया है। विषयों का चयन करते समय पाठ्यक्रम, विद्यार्थियों की रुचि, भविष्य की शिक्षा और स्कूलों में उपलब्ध विषय अध्यापकों को ध्यान में रखा गया है।
निदेशालय ने स्कूल प्रधानों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी विषय की पेशकश भी की जाए, जब संबंधित विषय का शिक्षक स्कूल में उपलब्ध और पद पर कार्यरत हो। यानी शिक्षक की उपलब्धता के बिना विद्यार्थियों को विषय आवंटित नहीं किया जा सकेगा। विज्ञान संकाय में अंग्रेजी, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और मनोविज्ञान अनिवार्य सब्जेक्ट होंगे। वहीं गणित/जीव विज्ञान सहित 2 विषय विकल्प के रूप में दिए गए हैं।
वहीं कॉमर्स विद्यार्थियों को अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, लेखाशास्त्र, व्यवसाय अध्ययन और सूचना प्रौद्योगिकी अनिवार्य। एक विषय वैकल्पिक। मानविकी में अंग्रेजी अनिवार्य। हिंदी, इतिहास, भूगोल, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, गणित, मनोविज्ञान, समाजशास्त्र आदि में से पांच विषय चुने जा सकेंगे। सभी स्ट्रीम में छह मुख्य विषय होंगे। इसके अलावा स्वास्थ्य एवं शारीरिक शिक्षा, कार्य अनुभव और सामान्य अध्ययन भी होंगे।