यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 25-05-2025
औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर लघु उद्योग भारती सिरमौर इकाई ने नाराजगी जताई है। संस्था के अध्यक्ष अखिल महेश्वरी ने अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग नाहन को इस संबंध में एक ज्ञापन सौंप पत्र समस्या के शीघ्र समाधान की मांग उठाई है। ज्ञापन में कहा गया है कि कालाअंब एवं आसपास के औद्योगिक तथा व्यापारिक क्षेत्रों में पिछले काफी समय से बार-बार बिजली कटौती की समस्या बनी हुई है।
इसके चलते उद्योगों, व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लघु उद्योग भारती ने कहा कि बिजली की लगातार बाधा से उद्योगों का उत्पादन कार्य प्रभावित हो रहा है तथा मशीनों के संचालन में भी दिक्कतें आ रही हैं। वहीं व्यापारिक प्रतिष्ठानों का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। लघु उद्योग भारती ने यह भी कहा कि अचानक बिजली चले जाने और बार-बार वोल्टेज फ्लक्चुएशन के कारण मशीनरी एवं विद्युत उपकरणों के खराब होने का खतरा बढ़ गया है।
जिससे उद्योगों और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। अध्यक्ष अखिल महेश्वरी ने विद्युत विभाग से मांग की है कि समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं और क्षेत्र में नियमित व सुचारू बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि विभाग इस गंभीर विषय पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई करेगा। इस मौके पर लघु उद्योग भारती के अन्य पदाधिकारी व सदस्य भी मौजूद रहे।