जनसेवा, सुशासन एवं समग्र विकास के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही सरकार : विक्रमादित्य सिंह

हिमाचल प्रदेश सरकार में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज कुमारसैन के ऐतिहासिक दरबार ग्राउंड में आयोजित जन आभार अभिवादन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर स्थानीय विधायक कुलदीप सिंह राठौर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया

Jul 5, 2026 - 18:24
Jul 5, 2026 - 19:38
 0  5
जनसेवा, सुशासन एवं समग्र विकास के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही सरकार : विक्रमादित्य सिंह

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला  05-07-2026

हिमाचल प्रदेश सरकार में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज कुमारसैन के ऐतिहासिक दरबार ग्राउंड में आयोजित जन आभार अभिवादन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर स्थानीय विधायक कुलदीप सिंह राठौर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। अपने संबोधन में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने जनता द्वारा दिए गए स्नेह, विश्वास एवं सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए नव-निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई दी। 
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनसेवा, सुशासन एवं समग्र विकास के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति में स्थानीय पंचायतों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के माध्यम से नारकंडा–डोजा–भदावली सड़क पर लगभग 6 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसमें लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है तथा शीघ्र ही इसका लोकार्पण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त कथल नाला–कोटी नाला संपर्क मार्ग पर लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से उन्नयन (अपग्रेडेशन) कार्य चल रहा है, जबकि ओडी–कोटगढ़–बीथल सड़क पर लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य जारी है। 
उन्होंने कहा कि नई ड्रेनेज नीति के तहत सड़क निर्माण में आधुनिक जल निकासी व्यवस्था अपनाई जाएगी तथा बड़े कलवर्टों का निर्माण किया जाएगा, ताकि बरसात के दौरान सड़कों को नुकसान न पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-4 के अंतर्गत इस क्षेत्र की आठ संपर्क सड़कें स्वीकृत की गई हैं। इन सड़कों के निर्माण के लिए संबंधित लोगों को अपनी भूमि गिफ्ट डीड के माध्यम से उपलब्ध करवानी होगी, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, शहरी विकास तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में जनसहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा सरकार जनता के सहयोग से प्रदेश को विकास के नए आयाम प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। 
उन्होंने आश्वासन दिया कि दरबार मैदान के साथ निर्माणाधीन सामुदायिक भवन के निर्माण को पूर्ण करने के लिए यदि अतिरिक्त बजट की आवश्यकता पड़ेगी तो उसे भी उपलब्ध करवा दिया जाएगा। समारोह के उपरांत मंत्री ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं मांगें भी सुनीं। उन्होंने सड़क, पेयजल, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य विकासात्मक कार्यों से संबंधित शिकायतों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर स्थानीय विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने अपने स्वागत संबोधन में मुख्य अतिथि का कुमारसैन आगमन पर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि जन आभार अभिवादन समारोह जनता के स्नेह, विश्वास एवं समर्थन का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा जनकल्याण एवं विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार प्रत्येक वर्ग के कल्याण तथा प्रदेश के संतुलित विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। 
उन्होंने कहा कि कुमारसैन क्षेत्र के विकास के लिए विधायक निधि से लाखों रुपये की राशि उपलब्ध करवाई गई है तथा भविष्य में भी विकास कार्यों के लिए हर संभव सहयोग जारी रहेगा। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह द्वारा दिए जा रहे सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राज्य सहकारी बैंक के चेयरमैन देवेन्द्र श्याम, उपमंडलाधिकारी (नागरिक) शशांक गुप्ता, उपमंडल पुलिस अधिकारी नरेश शर्मा, अध्यक्ष वरिष्ठ ज्योति सदन शशी पाल डोगरा, पूर्व एनएसयूआई अध्यक्ष अतुल शर्मा, ठियोग-कुमारसैन कांग्रेस अध्यक्ष संजय शर्मा, ग्राम पंचायत कुमारसैन के प्रधान प्रवीण वर्मा , उपप्रधान कपिल भारद्वाज, विभिन्न विभागों के अधिकारी , जनप्रतिनिधि , पार्टी पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow