यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 24-02-2026
नाहन में एनएसयूआई ने आरडीजी को बहाल करने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया। माल रोड पर आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार की ट्रेड डील पर भी सवाल उठाए गए। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि यह डील किसानों और बागवानों के हितों के खिलाफ है और दबाव में की गई है।
मीडिया से बात करते हुए एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष मनदीप ठाकुर ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश की रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट बंद करने के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं चल रही है। बावजूद इसके केंद्र सरकार ने ग्रांट बंद करके हिमाचल के साथ सौतेला व्यवहार किया है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे सांसदों पर भी प्रदेश की अनदेखी करने के आरोप लगाए हैं। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा की गई हालिया ट्रेड डील पर भी सवाल खड़े किए।
उनका आरोप है कि इस डील से देश के किसानों और बागवानों को आर्थिक नुकसान होगा। मनदीप ने कहा कि सरकार को ऐसी किसी भी नीति से बचना चाहिए जो कृषि और बागवानी क्षेत्र पर प्रतिकूल प्रभाव डाले। उन्होंने कहा कि इस डील के मुताबिक बाहर से आने वाले कृषि और डेयरी प्रोडक्ट यहां पर सस्ते दामों पर बिकेंगे जिसके कारण देश के किसानों और बागवानों को इसका सीधा नुकसान होगा और उनकी आर्थिक स्थिति खराब हो जाएगी।