कृषि विज्ञान केन्द्र-सिरमौर ने जगाई स्वच्छता की अलख
कृषि विज्ञान केन्द्र-सिरमौर, धौलाकुआं द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा’ जागरण अभियान के अंतर्गत वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (कन्या), पिपलीवाला, पांवटा साहिब में विभिन्न स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
विद्यालय की मिड-डे-मील रसोई से निकलने वाले गीले कचरे के वैज्ञानिक एवं पर्यावरण-अनुकूल निपटान के लिए कृषि विज्ञान केन्द्र-सिरमौर द्वारा विद्यालय परिसर में वर्मीकंपोस्ट की प्रदर्शन इकाई स्थापित की गई। इस अवसर पर छात्राओं, अध्यापकों एवं विद्यालय कर्मचारियों को वर्मीकंपोस्ट इकाई के संचालन तथा गीले कचरे के उचित प्रबंधन के संबंध में प्रायोगिक प्रदर्शन के माध्यम से जानकारी दी गई।
विद्यालय प्रबंधन लंबे समय से रसोई से निकलने वाले गीले कचरे के कारण उत्पन्न होने वाली स्वच्छता एवं पर्यावरण संबंधी समस्याओं से चिंतित था। वर्मीकंपोस्ट इकाई की स्थापना से अब इस जैविक कचरे का उपयोगी तरीके से निपटान किया जा सकेगा। इससे विद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने में सुविधा होगी तथा पर्यावरण संरक्षण एवं जैविक कचरा प्रबंधन को भी बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य रीना पलियाल के साथ अर्पिता मित्तल, रंजना पंत, विनोद शर्मा, भगत राम, कमलेश, चंदा एवं संजय शर्मा उपस्थित रहे। कृषि विज्ञान केन्द्र-सिरमौर की वैज्ञानिक डॉ. शिवाली धीमान तथा महिमा सिंह और विपुल कौशिक ने कार्यक्रम का संचालन एवं प्रायोगिक प्रदर्शन किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य रीना पलियाल ने कृषि विज्ञान केन्द्र-सिरमौर के इस जन-जागरूकता एवं क्षमता निर्माण अभियान की सराहना करते हुए कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालय के विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा विद्यालय परिसर में जैविक कचरे के उचित प्रबंधन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। उन्होंने विद्यालय को इस कार्यक्रम के लिए चयनित करने हेतु कृषि विज्ञान केन्द्र-सिरमौर के प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।
कृषि विज्ञान केन्द्र-सिरमौर, धौलाकुआं द्वारा आयोजित इस पहल से विद्यार्थियों में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ विद्यालय स्तर पर ‘कचरे से संसाधन’ की अवधारणा को भी प्रोत्साहन मिला।
What's Your Reaction?
