जनजातीय गौरव पखवाड़े के उपलक्ष्य पर गांव डाडू में चलाया सफाई अभियान
महान स्वतंत्रता सेनानी एवं आदिवासी नेता और समाज सुधारक भगवान बिरसा मुंडा के जन्म दिवस के उपलक्ष्य पर इस वर्ष भी एक से 15 नवंबर तक मनाए जा रहे जनजातीय गौरव पखवाड़े के तहत जिला हमीरपुर में भी कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में, 8 नवंबर रविवार को विकास खंड भोरंज के अनुसूचित जनजाति बाहुल गांव डाडू की ग्राम पंचायत डाडू में स्वच्छता जागरुकता कार्यक्रम एवं सफाई अभियान आयोजित किया गया।
भोरंज के खंड विकास अधिकारी रजत चौधरी ने बताया कि इस दौरान गांव में सफाई की गई तथा एकत्रित कूड़े की छंटनी भी की गई। इस अवसर पर लोगों को गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग करने तथा प्लास्टिक, पॉलीथिन और ई-कचरे के सही निष्पादन के बारे में भी बताया गया। इसके अलावा लोगों को भगवान बिरसा मुंडा के व्यक्तित्व और स्वतंत्रता संग्राम में उनके बहुमूल्य योगदान की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
What's Your Reaction?
