यंगवार्ता न्यूज़ - राजगढ़ 09-11-2026
हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध आराध्य देव शिरगुल देवता की जन्मस्थली शाया में दिवाली और पड़ई के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय मेले में हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान सिरमौर जिला के गिरिपार क्षेत्र के अलावा शिमला, सोलन तथा पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के जौनसार-बावर क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और देवता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। शिरगुल मंदिर शाया में दिवाली पर्व पर प्रतिवर्ष दो दिवसीय मेले का आयोजन किया जाता है। इस मेले की विशेषता यह है कि यहां श्रद्धालु देवता के दर्शन और पूजा-अर्चना को ही सबसे अधिक महत्व देते हैं। भक्त अपने साथ भेंट स्वरूप चावल और अखरोट लेकर आते हैं तथा देवता के चरणों में अर्पित करते हैं।
मंदिर में श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में चावल के दाने दिए जाते हैं, जिन्हें लोग अपने घरों में श्रद्धा और आस्था के साथ सहेज कर रखते हैं। इस मेले में किसी सांस्कृतिक कार्यक्रम अथवा खेल गतिविधि का आयोजन नहीं होता, बल्कि पूरा वातावरण देव आस्था और परंपराओं से सराबोर रहता है। मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी एवं जाने-माने साहित्यकार शेरजंग चैहान ने बताया कि शिरगुल देवता का इसी गांव में प्रादुर्भाव हुआ था तथा चूड़धार पर्वत पर उन्होंने तपस्या की थी। उन्होंने बताया कि मंदिर में वर्षभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है, लेकिन साल में पड़ने वाली चार प्रमुख साजियों का विशेष धार्मिक महत्व है। इनमें बैसाखी अर्थात बीशू की साजी, श्रावण मास की हरियाली साजी, दिवाली की साजी और मकर संक्रांति यानी माघ की साजी प्रमुख हैं।
इसके अतिरिक्त प्रत्येक माह की संक्रांति पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवता के दर्शन करने पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि शिरगुल देवता की मान्यता सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के साथ-साथ जिला शिमला के ऊपरी क्षेत्रों, सोलन तथा उत्तराखंड के जौनसार-बावर क्षेत्र में भी व्यापक रूप से प्रचलित है। इन क्षेत्रों में शिरगुल देवता को कुलदेवता और आराध्य देव के रूप में पूजा जाता है। शेरजंग चैहान के अनुसार शिरगुल देवता को चावल और अखरोट अर्पित करने की परंपरा सदियों पुरानी है, जो आज भी पूरी श्रद्धा के साथ निभाई जा रही है। हालांकि, समय के साथ अब श्रद्धालुओं ने नकद राशि चढ़ाने की परंपरा भी शुरू कर दी है।
उन्होंने कहा कि शाया मंदिर धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में भी तेजी से पहचान बना रहा है। यही कारण है कि अब स्थानीय श्रद्धालुओं के अतिरिक्त बाहरी क्षेत्रों से भी पर्यटक और धार्मिक आस्था रखने वाले लोग यहां दर्शन के लिए पहुंचने लगे हैं। उन्होंने बताया कि इस मंदिर में दिवाली सहित अन्य प्रमुख मेलों तथा प्रत्येक माह की संक्रांति पर श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था की जाती है, जिसमें हजारों लोग प्रसाद ग्रहण करते हैं।