नौहराधार 11 मई, 2026 :
आज सिरमौर जिला के रेणुका चुनाव क्षेत्र में जिला परिषद के वार्ड नंबर एक नोहराधार के लिए भाजपा प्रत्याशी हंसराज ने उपमंडल अधिकारी नागरिक संगड़ाह के समक्ष अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। इस मौके पर हंसराज के साथ 17 पंचायतों से आए भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गगनभेदी नारों के साथ जुलूस निकाला और चुनाव का शंखनाद बजाया।
नामांकन पत्र प्रस्तुत करने के उपरांत मीडिया से बातचीत में हंसराज ने कहा कि आज समाज को पढ़े-लिखे और जुझारू युवाओं को आगे लाने की आवश्यकता है । उन्होंने कहा का जिला परिषद सदस्य बनने के उपरांत वह इस पिछड़े क्षेत्र में ठप्प पड़े विकास कार्यों को गति प्रदान करेगी और विशेष कर सड़कों की दशा सुधारने, स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने, और शैक्षणिक संस्थानों में स्टाफ और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के कार्यों को प्राथमिकता देंगे। हंसराज ने कहा कि उनका जिला परिषद वार्ड सिरमौर जिला के गिरीपार क्षेत्र में सबसे कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में आता है और यहां विकास कार्यों को अंजाम देने के लिए यद्यपि भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा लेकिन शिक्षित युवा होने के नाते वह इस क्षेत्र के विकास के लिए जी जान से प्रयास करेंगे। इस मौके पर उनके साथ रेणुका चुनाव क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी नारायण सिंह ने कहा कि जिस प्रकार कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हिमाचल विधानसभा चुनावों के दौरान लोगों को झूठी गारंटियां देकर सत्ता हथियाई और विकास के मामले में पूरा प्रदेश हाशिये पर धकेल दिया, उसका करारा जवाब पंचायती राज चुनाव में जनता कांग्रेस को देगी।
इस मौके पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बलबीर ठाकुर, प्रताप तोमर, जिला भाजपा प्रवक्ता मेलाराम शर्मा, नोहराधार भाजपा मंडल के अध्यक्ष भारतभूषण, पूर्व पंचायत समिति अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला महासचिव सुनील गोसाईक जिला उपाध्यक्ष शिवचंद जिला सचिव रघुवीर चौहान वरिष्ठ भाजपा नेता कमल राज वर्मा दिनेश चौहान धर्मपाल सूर्या सहित जिला परिषद वार्ड नंबर एक नोहराधार क्षेत्र के सैकड़ों वरिष्ठ और कनिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।