हिमाचल प्रदेश में जनगणना 2027 का पहला चरण आज से होगा शुरू, घर-घर जाएंगे प्रगणक, पूरी प्रक्रिया डिजिटल।
हिमाचल प्रदेश में जनगणना 2027 के पहले चरण यानी मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का औपचारिक आगाज आज 16 जून से हो रहा है। ये चरण 15 जुलाई तक चलेगा। इस बार पूरी जनगणना डिजिटल माध्यम से होगी और प्रगणक HLO मोबाइल ऐप से जानकारी जुटाएंगे।
यंगवार्ता न्यूज शिमला 16 जून, 2026 :
हिमाचल प्रदेश में जनगणना 2027 के पहले चरण यानी मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का औपचारिक आगाज आज 16 जून से हो रहा है। ये चरण 15 जुलाई तक चलेगा। इस बार पूरी जनगणना डिजिटल माध्यम से होगी और प्रगणक HLO मोबाइल ऐप से जानकारी जुटाएंगे। जिन्होंने 1 से 15 जून तक ऑनलाइन स्वगणना कर ली है, उन्हें अपनी स्वगणना ID प्रगणकों को देनी होगी। बाकी घरों में प्रगणक खुद जाकर 33 सवालों के जरिए जानकारी लेंगे।
जनगणना निदेशालय के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण 13 जून तक पूरा हो चुका है। स्वगणना की ऑनलाइन विंडो 15 जून रात 12 बजे बंद हो गई है।अब आज 16 जून से 15 जुलाई 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर मकान और परिवारों की जानकारी जुटाएंगे। इस दौरान मकान की स्थिति, परिवार की संरचना, पेयजल, बिजली, शौचालय, अनाज और घरेलू उपकरणों की उपलब्धता जैसे 33 आधिकारिक प्रश्न पूछे जाएंगे। ये डेटा देश की विकास योजनाओं के लिए बेहद जरूरी होगा।
निदेशालय ने लोगों से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय कार्य में पूरा सहयोग दें। सुरक्षा और पारदर्शिता के लिए घर आने वाले प्रगणक के पहचान पत्र पर लगे QR कोड को स्कैन करके उनकी पहचान जरूर जांचें। जिन लोगों ने पहले ही ऑनलाइन पोर्टल पर स्वगणना कर दी है, उन्हें प्रगणक के आने पर सिर्फ स्वगणना ID देनी होगी।
What's Your Reaction?




