कुल्लू 30 मई, 2026 :
कुल्लू जिले में विकास खंड बंजार के मंगलौर पंचायत में बीडीसी सदस्य के चुनाव चिह्न में उम्मीदवार का नाम गलत दर्ज करने को लेकर कुछ देर मतदान प्रक्रिया प्रभावित रही। जानकारी है कि यहां बैलेट पेपर में बीडीसी सदस्यों के प्रत्याशियों के नाम एक-दूसरे के चुनाव चिह्न में दर्ज कर दिए थे। जब लोगों की नजर पड़ी तो मतदान प्रक्रिया रोक दी गई और बाद में जांच के बाद जिन दो बैलेट पेपर में प्रत्याशियों के नाम एक दूसरे के स्थान पर दर्ज किए गए थे उन्हें रद्द किया गया। मतदान प्रक्रिया फिर से शुरू की गई।
तहसीलदार बंजार नीरज शर्मा ने बताया कि बैलेट पेपर की जांच करने पर दो में प्रत्याशियों के नाम एक-दूसरे के निशान के पास दर्ज किए गए थे जिन्हें रद्द कर दिया है और बाकी बैलेट पेपर सही पाए गए। इस कारण चुनावी प्रकिया शुरू कर दी गई। नाम किसने गलत अंकित किए थे इसको लेकर छानबीन की जा रही है।
जिला परिषद वार्ड ऊहल के तहत बनालग पोलिंग बूथ में मतदान के दौरान उस समय माहौल गर्मा गया, जब सुजानपुर के विधायक पोलिंग बूथ का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान भाजपा समर्थित जिला परिषद उम्मीदवार मंगलेश ठाकुर के पति ने विधायक के बूथ निरीक्षण पर कड़ी आपत्ति जताई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विधायक के बूथ परिसर में पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते बहसबाजी बढ़ गई और कुछ समय के लिए मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। हालांकि, मौजूद लोगों और चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करवाया। घटना के बाद ऊहल वार्ड में राजनीतिक माहौल और गर्मा गया है। हालांकि, किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक शिकायत किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।