यंगवार्ता न्यूज़ - सोलन 29-03-2026
अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ आयुष के माध्यम से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। संजय अवस्थी आज अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत प्लानिया में आयुष विभाग द्वारा आयुष ग्राम परियोजना के अंतर्गत आयोजित आयुष मेले के शुभारंभ के उपरांत उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार आयुष विभाग के माध्यम से दी जा रही सेवाओं को सुदृढ़ करने कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य से अर्की विधानसभा क्षेत्र के 16 आयुष स्वास्थ्य केंद्रों को ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ के रूप में स्तरोन्नत किया गया है।
उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा स्तरोन्नत किए गए संस्थानों में अब पैरा-सर्जिकल (अग्निकर्म, रक्तमोक्षण) और सूक्ष्म पंचकर्म जैसी चिकित्सा सुविधाएं भी स्थानीय स्तर पर प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इन स्वास्थ्य केंद्रों में ग्रामीणों को घर के समीप ही मधुमेय, रक्त तथा अन्य परीक्षणों की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों के लिए विशेष ‘वयोमित्र’ ओपीडी के माध्यम से जोड़ों के दर्द और ऑस्टियोआर्थराइटिस का उपचार किया जा रहा है। संजय अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को और सुदृढ़ करने पर बल दे रही है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से रोबोटिक शल्य चिकित्सा आरम्भ की गई है तथा अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा उपकरण स्थापित किए जा रहे हैं।
विधायक ने इस अवसर पर लोगों को अश्वगंधा, गिलोय, मोरिंगा इत्यादि औषधीय पौधे वितरित किए। संजय अवस्थी स्वयं सहायता समूह प्लानिया को भवन निर्माण के प्रारम्भिक कार्य के लिए 02 लाख रुपए, महिला मंडल भवन चइयां के लिए 01 लाख रुपए तथा बथालंग विद्यालय के बॉक्सिंग रिंग के लिए अनुमानित राशि के अनुरूप अतिरिक्त धनराशि देने की घोषणा की। उन्होंने महिला मंडल प्लानिया को एक मोबाइल फूड वैन प्रदान करने की घोषणा भी की। संजय अवस्थी ने इस अवसर पर ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत लोगों की समस्याएं सुनीं और इनके शीघ्र निपटारे के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। आयुष मेले में लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में लगभग 200 लोगों ने अपना पंजीकरण कराया। शिविर में निःशुल्क परामर्श, दवाइयां और परीक्षण सुविधाएं प्रदान की गईं। इस अवसर पर योग मार्गदर्शकों द्वारा स्वस्थ जीवन शैली और स्कूली बच्चों के लिए विशेष योग सत्रों का प्रदर्शन किया गया।
उपमंडलीय आयुष चिकित्सा अधिकारी जालणा डॉ. रुनेश नागल ने इस अवसर पर आयुष ग्राम परियोजना की प्रगति से लोगों को अवगत करवाया। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता सतीश कश्यप, सुरेन्द्र ठाकुर व रोशन वर्मा, उपमंडलाधिकारी अर्की निशांत तोमर, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता विवेक कटोच, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता के.के. चौहान, विद्युत बोर्ड के अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार, ज़िला आयुर्वेदिक अधिकारी सोलन डॉ. निशा वर्मा, खंड चिकित्सा अधिकारी अर्की डॉ. मुक्ता रस्तोगी, ग्राम पंचायत प्लानिया के पूर्व प्रधान संजय कुमार सहित स्थानीय ग्राम पंचायत प्रतिनिधि व ग्रामीण इस अवसर पर उपस्थित थे।