प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में नकल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई जानिए
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में नकल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है। चंबा के बाद अब कांगड़ा जिले के जवाली में बने परीक्षा केंद्र पर सामूहिक नकल का मामला सामने आने पर बोर्ड ने सख्त कदम उठाते हुए शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा केंद्र को ही रद्द कर दिया
यंगवार्ता न्यूज़ - धर्मशाला 13-03-2026
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में नकल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है। चंबा के बाद अब कांगड़ा जिले के जवाली में बने परीक्षा केंद्र पर सामूहिक नकल का मामला सामने आने पर बोर्ड ने सख्त कदम उठाते हुए शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा केंद्र को ही रद्द कर दिया है।
शिकायत के साथ पहुंचे वीडियो में एक शिक्षक परीक्षा हॉल में विद्यार्थियों को बहुविकल्पीय प्रश्नों के उत्तर बोलकर बताते हुए नजर आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बोर्ड ने एसडीएम जवाली को जांच सौंप दी है।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जवाली स्कूल में चल रही परीक्षाओं के दौरान गंभीर अनियमितताओं की शिकायत बोर्ड को प्राप्त हुई थी।
शिकायत के साथ कुछ वीडियो क्लिप भी बोर्ड प्रबंधन के पास पहुंची थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) जवाली को पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच करने को कहा है।
एसडीएम से जल्द ही जांच रिपोर्ट बोर्ड मुख्यालय को सौंपने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं ईमानदारी से परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के भविष्य के साथ अन्याय हैं। बोर्ड ने जवाली के इस परीक्षा केंद्र को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। अब यहां के परीक्षार्थी शेष परीक्षाएं नजदीकी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मटलाहड़ में देंगे।
इसके अलावा केंद्र पर तैनात समन्वयक, केंद्र अधीक्षक और उप अधीक्षक के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। बोर्ड ने शिक्षा निदेशक (शिमला) को पत्र लिखकर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
What's Your Reaction?



