बिनवा पुल पर बड़ा हादसा, रेलिंग तोड़ खड्ड में गिरा ईंटों से भरा कैंटर
बैजनाथ क्षेत्र में मूसलाधार बारिश के दौरान रात के समय बिनवा पुल पर एक हादसा हो गया। ईंटों से भरा एक कैंटर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे खड्ड में जा गिरा। हादसे के बाद पुल की सुरक्षा रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई। जानकारी के अनुसार बारिश के बीच कैंटर बिनवा पुल से गुजर रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकराया और रेलिंग तोड़ते हुए खड्ड में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर कैंटर से हनुमान जी की एक तस्वीर भी मिली, जो सुरक्षित थी। तस्वीर के सुरक्षित मिलने की बात लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है और स्थानीय लोग इसे आस्था से जोड़कर देख रहे हैं। वहीं, बैजनाथ अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार हादसे में एक व्यक्ति मामूली चोट के साथ अस्पताल पहुंचा था, लेकिन उसने उपचार नहीं करवाया। थाना प्रभारी यादेश ठाकुर ने बताया कि पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
हादसे के बाद बिनवा पुल की टूटी रेलिंग को लेकर भी सुरक्षा पर सवाल उठे हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पुल की क्षतिग्रस्त रेलिंग को जल्द दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके।
What's Your Reaction?


