पांवटा साहिब में भीषण हादसा, ट्राले से टकराई कार के उड़े परखच्चे, तीन लोगों की मौत
पांवटा साहिब के पुराने यमुना पुल पर देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना जोरदार था कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
पांवटा साहिब के पुराने यमुना पुल पर देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दो लोग वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए। मृतकों की पहचान तरसेम नेगी, अमित और सोनू सिवाच के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब 11 बजे हुआ। कमरऊ खजियार निवासी अनिल चौहान अपनी गाड़ी से पुराने यमुना पुल से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने पुल के बीच एक दुर्घटनाग्रस्त कार को देखा। कार का नंबर एचपी 22ई-9005 था, जिसे अनिल चौहान पहचानते थे। उनके अनुसार यह कार तरसेम नेगी की थी।
दुर्घटना के बाद तरसेम नेगी ड्राइविंग सीट पर, अमित अगली कंडक्टर सीट पर और सोनू सिवाच पिछली सीट पर घायल अवस्था में पड़े थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। सोनू सिवाच को तत्काल उपचार के लिए पांवटा साहिब अस्पताल पहुंचाया गया।
वहीं, कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण तरसेम नेगी और अमित वाहन में फंस गए थे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार की अगली दोनों खिड़कियां खोलकर दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
डंपर से पीछे से टकराने की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार पांवटा साहिब की ओर जा रहे एक डंपर से पीछे से टकराई थी। शुरुआती तौर पर हादसे की वजह कार की तेज रफ्तार बताई जा रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर हादसे की परिस्थितियों और दुर्घटना के अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?


