4 सालों में रिकॉर्ड तोड़ कर्ज के खर्चे पर श्वेत पत्र जारी करें सुक्खू सरकार : मेलाराम शर्मा
सिरमौर जिला भाजपा प्रवक्ता मेलाराम शर्मा ने प्रदेश की वर्तमान सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर प्रदेश को भारी आर्थिक संकट में धकेलने का आरोप लगाया है। मीडिया को जारी बयान में उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार ने कर्ज लेने के सारे रिकॉर्ड तो तोड़ दिए हैं परंतु इतने भारी भरकम कर्ज का उपयोग कहां हो रहा है, इसका प्रदेश वासियों को कोई पता नहीं चल रहा।
यंगवार्ता न्यूज - हरिपुरधार 7 अगस्त :
सिरमौर जिला भाजपा प्रवक्ता मेलाराम शर्मा ने प्रदेश की वर्तमान सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर प्रदेश को भारी आर्थिक संकट में धकेलने का आरोप लगाया है। मीडिया को जारी बयान में उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार ने कर्ज लेने के सारे रिकॉर्ड तो तोड़ दिए हैं परंतु इतने भारी भरकम कर्ज का उपयोग कहां हो रहा है, इसका प्रदेश वासियों को कोई पता नहीं चल रहा। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि आजादी के बाद से 2022 तक सत्ता में रही राज्य की सभी सरकारों ने कुल 69,500 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था, जबकि व्यवस्था परिवर्तन का दावा करने वाली मौजूदा सरकार ने अकेले अपने चार साल के कार्यकाल में ही 45,000 करोड़ रुपये का ऋण ले लिया है। उन्होंने कहा कि यदि यह सरकार एक साल के भीतर और कर्ज लेती है, तो यह आंकड़ा 60,000 करोड़ रुपये को पार कर जाएगा। मेलाराम शर्मा ने सवाल उठाया कि जब पूरे प्रदेश में विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं और पूर्व भाजपा सरकार द्वारा जनहित में खोले गए लगभग दो हजार संस्थानों को बंद कर दिया गया है, तो आखिर इतना भारी-भरकम कर्ज का पैसा जा कहां रहा है। उन्होंने कहा कि इतने अधिक कर्ज के खर्च का श्वेत पत्र जारी किया जाना चाहिए ताकि प्रदेश की जनता को पता चल सके कि आखिर इस धन का उपयोग कहां हुआ है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि हिमाचल प्रदेश केवल सत्तासीन कांग्रेस पार्टी का नहीं है, बल्कि इसकी चिंता भाजपा कार्यकर्ताओं सहित प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को भी है। दुर्भाग्य से कांग्रेस ने बिना सोचे-समझे ऐसे फैसले लिए हैं, जिनका खामियाजा पूरे प्रदेश के हर नागरिक को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर झूठी गारंटियों के सहारे सत्ता हथियाने का आरोप लगाते हुए कहा कि 4 साल बीत जाने के बाद इस सरकार की एक भी गारंटी धरातल पर नहीं उतरी है। इतिहास में यह पहली ऐसी सरकार है, जिसकी किसी भी योजना को जनता नहीं जानती, क्योंकि मुख्यमंत्री ने जनहित की नई योजनाएं चलाने के बजाय पूर्व सरकार की अनेक लोकप्रिय योजनाओं को या तो बंद कर दिया या फिर उनका बजट रोककर उन्हें बदनाम करने की साजिश रची।
मेला राम शर्मा ने कहा कि इस निकम्मी सरकार की कूनीतियों का नतीजा हालिया निकाय और पंचायती राज चुनावों में साफ दिखा, जहां जनता ने कांग्रेस को नकारते हुए भाजपा के 70 प्रतिशत से अधिक जनप्रतिनिधियों को जिताया। कांग्रेस केवल चार में से एक नगर निगम और 12 में से मात्र एक चम्बा जिला परिषद में ही जीत दर्ज कर पाई। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता का इस निकम्मी सरकार से पूरी तरह मोहभंग हो गया है और इसी कारण 2027 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस का पूरा विधायक दल एक आल्टो कार में समा जाएगा।
What's Your Reaction?
