यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 22-03-2026
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह द्वारा पेश किए गए बजट को लेकर एक बार फिर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने निशाना साधते हुए कहा है कि सरकार ने बजट में 15% की कटौती कर हिमाचल के विकास पर ग्रहण लगाया है भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल जिला मुख्यालय नाहन में आज मीडिया से बातचीत कर रहे थे। डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि हर साल पेश किए जाने वाले बजट में तीन से चार हजार करोड रुपए की बढ़ोतरी होती है। मगर ऐसा पहली बार हुआ जब बजट में कटौती की गई हो।
उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार ने पूर्व में पेश किए गए बजट से भी कम बजट इस बार पेश किया गया है जो सीधे तौर पर विकास कार्य को पूरी तरह ठप कर देगा। वही राजीव बिंदल यह भी कहा कि स्वास्थ्य के बजट में करीब 1000 करोड़ रुपए की कटौती की गई है जो बेहद हैरानी जनक है। उन्होंने यह भी कहा कि लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति विभाग के साथ-साथ ग्रामीण विकास को पूरी तरह केंद्र सरकार पर निर्भर छोड़ा गया है। राजीव बिंदल यह भी आरोप लगाया कि इस बजट में एक बार फिर प्रदेश के युवाओं और महिलाओं के साथ बड़ा धोखा प्रदेश की सरकार ने किया है।
उन्होंने कहा कि बजट में रोजगार का कोई भी प्रावधान सरकार द्वारा नहीं किया गया है जबकि हर साल एक लाख रोजगार देने का वादा किया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश की हर महिला को ₹1500 प्रति माह देने का वायदा भी झूठा साबित हुआ है और अब सिर्फ बीपीएल महिलाओं को देने की बात की जा रही है उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश में बड़ी मात्रा में लोगों को बीपीएल सूची से हटाया गया है अब BPL में बची चन्द महिलाओं को 1500 प्रति माह और कुछ लोगो को 300 यूनिट बिजली मुफ्त देने की बात की जा रही है।