अल्फ्रेस्को सॉल्यूशन LLP में मनाया जनजातीय गौरव दिवस, MY Bharat हमीरपुर ने किया संस्थान का दौरा
मेरा युवा भारत (MY Bharat), हमीरपुर द्वारा आज अल्फ्रेस्को सॉल्यूशन LLP, हमीरपुर का दौरा किया गया। इस अवसर पर संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही छात्राओं द्वारा जनजातीय गौरव दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया।
कार्यक्रम में अल्फ्रेस्को सॉल्यूशन LLP के मुख्य संचालक श्री सुमित शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, संस्थान के सह-संचालक श्री क्षितिज कुमार राणा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष एवं देश के स्वतंत्रता संग्राम में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया गया। साथ ही जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और देश के विकास में उनके योगदान पर भी प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर मेरा युवा भारत, हमीरपुर की ओर से संस्थान में संचालित प्रशिक्षण गतिविधियों एवं युवतियों को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों की जानकारी ली गई।
अल्फ्रेस्को सॉल्यूशन LLP भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा संचालित दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (DDU-GKY) के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र की युवतियों को निःशुल्क फैशन डिजाइनिंग का प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है। योजना के तहत प्रशिक्षणार्थियों को निःशुल्क प्रशिक्षण के साथ रहने एवं खाने की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाती है। इसके अतिरिक्त प्रशिक्षण पूर्ण होने पर रोजगार के अवसर भी प्रदान किए जाते हैं।
इस प्रकार की पहल ग्रामीण युवतियों को हुनरमंद बनाने, उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त करने तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
What's Your Reaction?
